-जियो पेट्रोल पंप के सामने डिजाइन की खामी पर उठे सवाल
-डिवाइडर पर चढ़ा ट्रक; एमएमआरडीए और एमबीएमसी की जवाबदेही कटघरे में
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा रोड स्थित जियो पेट्रोल पंप के ठीक सामने एक अनियंत्रित ट्रक के मेट्रो फ्लाईओवर के डिवाइडर पर जा चढ़ने से हड़कंप मच गया। हालांकि दावा किया जा रहा है कि ट्रक ड्राइवर नशे में धुत था, जिसकी जांच जारी है। इस घटना ने फ्लाईओवर के निर्माण और इसके दोषपूर्ण डिजाइन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जानकारों का आरोप है कि फ्लाईओवर की बनावट रोजाना बड़े हादसों को दावत दे रही है। इसे महज तकनीकी चूक माना जाए या किसी विशेष को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई सोची-समझी साजिश है।
इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए एडवोकेट प्रवीण परमार ने बताया कि फ्लाईओवर का एंट्री पॉइंट थोड़ा आगे होने के बजाय बिल्कुल पेट्रोल पंप के सामने से शुरू कर दिया गया है। इस अव्यवस्थित योजना के कारण मुख्य सड़क पर वाहनों की क्रॉसिंग का एक बेहद खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट’ बन गया है। दीपक अस्पताल की ओर से सीधे आने वाले तेज रफ्तार वाहनों और पेट्रोल पंप से र्इंधन भरवाकर फ्लाईओवर पर चढ़ने के लिए अचानक लेन काटने वाले वाहनों के बीच हर समय भीषण टक्कर की आशंका बनी रहती है। इस वजह से यहां आए दिन वाहन चालकों के बीच तीखी नोक-झोंक के हालात भी बन रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इतना संवेदनशील और व्यस्त पॉइंट होने के बावजूद मौके से ट्रैफिक पुलिस नदारद रहती है।
घटना के बाद मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण के इंजीनियरों और मीरा-भायंदर महानगरपालिका के तालमेल पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का पूछना है कि प्राधिकरण के इंजीनियरों ने किस आधार और किसके दबाव में इस व्यस्त इलाके की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दी और नियोजन के समय मनपा ने आपत्ति क्यों नहीं जताई। स्थानीय लोगों ने इसे खतरे की घंटी बताते हुए प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़े जानलेवा हादसे से पहले इस त्रुटिपूर्ण डिजाइन की उच्चस्तरीय जांच कर तत्काल सुधार किया जाए और यहां स्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए।
