मुख्यपृष्ठनए समाचारपटना सहित छह जिलों में शहरी क्षेत्रों के सिविल डिफेंस ब्लैकआउट/मॉकड्रिल गुरुवार...

पटना सहित छह जिलों में शहरी क्षेत्रों के सिविल डिफेंस ब्लैकआउट/मॉकड्रिल गुरुवार को

अनिल मिश्र / पटना

कल गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना सहित छह जिलों में हवाई हमले से बचाव हेतु नागरिक सुरक्षा अभ्यास किया जाएगा। लोगों से अपील है कि निर्धारित समय पर अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान इत्यादि की सभी लाइट बंद रखें।इस संबंध में जिलाधिकारी, पटना ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आपस में सुदृढ़ समन्वय स्थापित कर सिविल डिफेंस ब्लैकआउट/माॅकड्रिल की त्रुटिहीन तैयारी करने का निदेश दिया है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि पैनिक एकदम न हों। यह माॅकड्रिल हवाई हमला की वास्तविक स्थिति में तंत्र की प्रभावशीलता के परीक्षण के लिए सरकार के आदेश के आलोक में एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम है। वास्तविक तौर पर किसी तरह की हमला की स्थिति नहीं है। यह केवल माॅकड्रिल है। आम जनता से अपील है कि वे किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान न दें। केवल आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें। हवाई हमला चेतावनी माॅकड्रिल एवं ब्लैकआउट निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी तथा इसमें राहत एवं बचाव कार्यों (रिलीफ एण्ड रेस्क्यू ऑपरेशन) के लिए तंत्र की क्रियाशीलता की जाँच की जाएगी। माॅकड्रिल से लोगों के लिए आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा निदेशालय के द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पटना शहरी क्षेत्रों यथा पटना नगर निगम एवं नगर परिषदों, दानापुर निजामत, खगौल तथा फुलवारीशरीफ में माॅकड्रिल/ब्लैकआउट का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न कोषांग क्रियाशील है जो लाॅजिस्टिक, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, वैकल्पिक संचार व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, डाॅक्यूमेंटेशन इत्यादि कार्यों को देख रहे हैं। माॅक अभ्यास हेतु पटना जिला में सिमुलेशन स्थलों का चयन किया गया है जिसमें पटना समाहरणालय, बिस्कोमान भवन, बाँकीपुर बस स्टैण्ड एवं आईजीआईएमएस शामिल है। माॅकड्रिल के दौरान सिमुलेशन साईट पर विशिष्ट आपदा परिदृश्य का निर्धारण एवं कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। कमांड एवं कंट्रोल का प्रबंध रहेगा। पुलिस अधीक्षक यातायात को मॉक अभ्यास के दौरान चिन्हित स्थलों पर यातायात प्रबंधन हेतु आवश्यक व्यवस्था करने का निदेश दिया गया है। नागरिक सुरक्षा के लिए होने वाले माॅकड्रिल हेतु 6 scenarios का निर्धारण किया गया है जिसमें एयर रेड अर्ली वार्निंग सिस्टम, ब्लैकआउट मेजर्स, इवैक्युएशन एण्ड शेल्टरिंग, सर्च एण्ड रेस्क्यू ऑपरेशन्स, मेडिकल रिस्पाॅन्स एण्ड कैजुअल्टी इवैक्युएशन्स तथा फायर फायटिंग सिनैरियो शामिल है। आपको बताते चलें कि पटना समेत प्रदेश के छः जिलों में हवाई हमला माॅकड्रिल एवं ब्लैकआउट का आयोजित किया जाना है। माॅक अभ्यास हेतु पटना जिला अंतर्गत कार्यालयों/परिसरों/भवनों/अस्पतालों को चिन्हित किया गया है। 14 मई को माॅक एक्सरसाईज से पूर्व 13 मई को पटना समाहरणालय में हवाई हमला परिदृश्य पर आधारित टेबल-टाॅप एक्सरसाईज का आयोजन किया जाएगा। 14 मई को हवाई हमला होने की चेतावनी प्राप्त होने पर निर्धारित समय पर 2 मिनट तक नागरिक सुरक्षा का सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही ब्लैकआउट हो जाएगा। फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, एनसीसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निकाय, सिविल डिफेंस, विधि-व्यवस्था सहित आपदा प्रबंधन तंत्र के विभिन्न स्टेकहोल्डर्स की प्रभावशीलता का परीक्षण किया जाएगा। माॅकड्रिल में अनिवार्य सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। ब्लैकआउट के लिए अस्पतालों की खिड़कियों पर क्यूबिकल पर्दा या प्राइवेसी कर्टेन का प्रयोग किया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार के निदेश के अनुरूप साल में कम-से-कम दो बार माॅकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। विगत वर्ष भी इसका सफलतापूर्वक आयोजन किया गया था। उन्होंने निदेश दिया कि इस बार भी सिविल डिफेंस ब्लैकआउट एवं माॅकड्रिल का दिशा-निदेशों के अनुरूप आयोजन हेतु संबंधित विभागों के पदाधिकारी सजग एवं तत्पर रह कर तैयारी करें। ब्लैकआउट/माॅकड्रिल के सफल आयोजन हेतु इसका वृहत प्रचार-प्रसार करें। जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के माध्यम से इसका प्रचार-प्रसार करने का निदेश दिया गया। व्यवसायियों, सिविल सोसाईटी के सदस्यों सहित विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से माॅकड्रिल में अधिकतम नागरिक सहभागिता सुनिश्चित करने का निदेश अधिकारियों को दिया गया। इस बीच जिलाधिकारी ने कहा कि मॉकड्रिल के दौरान कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र, पटना (0612-2210118), 24*7 जिला नियंत्रण कक्ष, पटना (0612-2219810/ 2219234) या डायल 112 पर कोई भी सूचना दी जा सकती है।

अन्य समाचार