सामना संवाददाता / मुंबई
अंबरनाथ स्थित दि एजुकेशन सोसायटी द्वारा ठाणे जिले के शहापुर तालुका के आदिवासी बहुल अंदाड गांव में संचालित माध्यमिक विद्यालय में रोटरी क्लब ऑफ अंबरनाथ के माध्यम से छात्रों को शैक्षणिक ऐप वितरित किए गए तथा दंत चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया।
रोटरी क्लब ऑफ अंबरनाथ के अध्यक्ष मुकेश विसपुते ने 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को अध्ययन हेतु शैक्षणिक ऐप वितरित किए और इस ऐप के उपयोग, विशेषताएं और पढ़ाई में इससे कैसे लाभ हो सकता है, इस पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. पल्लवी धर्माधिकारी ने दंत चिकित्सा शिविर में विद्यार्थियों की दंत स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनकर उचित परामर्श दिया और दांतों की देखभाल के उपायों पर मार्गदर्शन किया।
मुख्याध्यापिका दीपिका विशे ने प्रस्तावना में विद्यालय की कार्यप्रणाली व उद्दिष्टों की जानकारी दी। मंच संचालन देव ने किया। इस कार्यक्रम की सफलता में सूर्यवंशी, मिलिंद मोगरे, खाकर, प्रकाश भाकरे तथा अन्य सहकर्मियों ने विशेष मेहनत की। यह सामाजिक उपक्रम ग्रामीण व आदिवासी भागों में शिक्षा और आरोग्य विषयक जनजागृति के लिए एक प्रेरणादायी कदम माना जा रहा है। इस कार्यक्रम में दि एज्युकेशन सोसायटी अंबरनाथ के अध्यक्ष अजित गोडबोले, उपाध्यक्ष अशोक कुलकर्णी, सहकार्यवाह दिलीप साठे, दिलीप कणसे, शालेय समिति अध्यक्ष प्रसाद जोशी, विश्वस्त भगवान चक्रदेव, रोटरी क्लब ऑफ अंबरनाथ के पदाधिकारी एवं संस्था के अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।
