राजेश सरकार / प्रयागराज
अरैल स्थित प्रसिद्ध सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह के पहले प्रहर से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजन-अर्चन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा सोमेश्वर नाथ से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और जनकल्याण की मंगल कामना की। पूरा मंदिर परिसर दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।
सावन के इस पावन और अंतिम सोमवार के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ 25वें विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। भव्य भंडारे में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से शाम तक मंदिर परिसर में आस्था, भक्ति और अपूर्व उत्साह का माहौल देखने को मिला। बाबा के दर्शन के लिए महिलाओं और पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी उत्साहित नजर आए।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए नैनी कोतवाली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिसकर्मियों ने मंदिर परिसर और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी तरह की असुविधा नहीं हुई।
गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर किया सहयोग
इस अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। पार्षद राकेश जायसवाल, संजय मिश्रा, सुनील जायसवाल, डॉ. संदीप पाल, अतुल केसरवानी, कुलदीप शर्मा, टुनटुन पांडे, मुक्तेश्वर सिंह (मंटू), विनय सिंह, हिमांशु शर्मा, सत्यम सिंह, प्रधान पुजारी दीपक गोस्वामी, राकेश कुमार जायसवाल (शंकरढाल) और संजू सहित अनेक लोगों ने सेवा कार्य में योगदान दिया।
सावन के अंतिम सोमवार पर श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान शिव की आराधना कर इस पावन पर्व को यादगार बनाया।
