मुख्यपृष्ठसमाचारसुल्तानपुर में बार चुनाव के लिए पुनः भरे गए पर्चे

सुल्तानपुर में बार चुनाव के लिए पुनः भरे गए पर्चे

-16 पदों के लिए 60 उम्मीदवार, अध्यक्ष पद के लिए सर्वाधिक 17 प्रत्याशी
-सरोज सिंह का वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के पद पर निर्विरोध चुना जाना तय
-31 अगस्त को पड़ेंगे वोट, 1 सितंबर को होगी मतगणना

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

उच्च न्यायालय के आदेश के क्रम में स्थगित की गई सुल्तानपुर बार एसोसिएशन की निर्वाचन प्रक्रिया एक बार फिर महिला आरक्षण नियमावली के क्रियान्वयन के बाद प्रारंभ हो गई है। सोमवार को अध्यक्ष और महासचिव सहित कुल 16 पदों के लिए 60 उम्मीदवारों ने अपने-अपने पर्चे दाखिल किए।
इस बार पहली बार सुल्तानपुर अधिवक्ता संघ के चुनाव में महिला आरक्षण व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें 2,080 वकील अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। दीवानी न्यायालय परिसर स्थित संघ भवन के मतदान केंद्र पर 31 अगस्त को वोट डाले जाएंगे। बार की एल्डर्स कमेटी इस बार चुनाव का संचालन कर रही है।
सोमवार को विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए। अध्यक्ष पद के लिए सर्वाधिक 17 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इनमें अखिलेश शुक्ल, रवींद्र प्रताप सिंह, शारदा प्रसाद मिश्र, राजकुमार सिंह, अमरनाथ यादव, राजेंद्र प्रताप सिंह, सभाजीत सिंह और करुणाशंकर दुबे आदि प्रमुख हैं।
महिलाओं के लिए आरक्षित प्रमुख सचिव के पद पर पांच महिला प्रत्याशियों रुखसाना बानो, लक्ष्मी यादव, शशि मिश्रा, पिंकी प्रिया सिंह और शशि सिंह ने पर्चा भरा। वहीं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए आठ उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इनमें हारुन अहमद, राम प्रकाश चौबे और संजय शर्मा आदि शामिल हैं।
कार्यकारिणी सदस्य (वरिष्ठ) के महिला पद पर इकलौती उम्मीदवार सरोज सिंह ने नामांकन किया है। ऐसे में उनका निर्विरोध चुना जाना तय है।
मंगलवार, 25 अगस्त को सभी नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। 31 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा, जबकि 1 सितंबर को मतगणना की जाएगी।

अन्य समाचार