मुख्यपृष्ठसमाचारबंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी...सीसीटीवी में कैद हुए तीन...

बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी…सीसीटीवी में कैद हुए तीन नकाबपोश चोर

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर जोन के नैनी स्थित आरकेपुरम (मवैया रोड) में एक बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार एक रिश्तेदार के निधन के कारण अपने गृह जनपद गाजीपुर गया हुआ था। इसी दौरान सूने घर का ताला तोड़कर चोरों ने कीमती सामान साफ कर दिया।
रिश्तेदार की मृत्यु पर गाजीपुर गया था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरकेपुरम (मध्य महेश्वर मंदिर वाली गली के निकट) निवासी कल्पना, पत्नी विश्वकर्मा भारती, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त को एक रिश्तेदार की अचानक मृत्यु हो जाने के कारण वह पूरे परिवार के साथ अपने गृह जनपद गाजीपुर चली गई थीं। उनके पति विश्वकर्मा भारती रेलवे में टीटीई के पद पर कार्यरत हैं। वह 21 अगस्त को सुबह करीब 5 बजे नैनी आए और सुबह 6:30 बजे गाड़ी संख्या 12801 से प्रयागराज जंक्शन से आनंद विहार (दिल्ली) के लिए ड्यूटी पर रवाना हो गए।
लौटने पर खुला मिला गेट, बिखरा पड़ा था सामान
कल्पना 22 अगस्त को शाम करीब 5 बजे अपने बच्चों के साथ घर लौटीं तो उनके होश उड़ गए। घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला था। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घर के अंदर जाकर देखा गया तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था और दोनों अलमारियां खुली हुई थीं। अलमारियों में रखे कीमती जेवरात और नकदी गायब थी।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का वीडियो रिकॉर्ड किया और थाना प्रभारी को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो 21 और 22 अगस्त की दरमियानी रात करीब 2:30 से 3:30 बजे के बीच तीन अज्ञात चोर गेट का ताला तोड़कर घर में घुसते और चोरी का सामान समेटकर ले जाते हुए नजर आए।
एफआईआर दर्ज, जांच शुरू
पीड़िता कल्पना की तहरीर पर नैनी थाने के प्रभारी निरीक्षक ब्रजकिशोर गौतम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर अज्ञात चोरों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।

अन्य समाचार