मुख्यपृष्ठसमाचारडिलिवरी बॉय का कारनामा : चार दिन में की दो शादियां...फूटा भांडा...पुलिस...

डिलिवरी बॉय का कारनामा : चार दिन में की दो शादियां…फूटा भांडा…पुलिस ने दबोचा

सामना संवाददाता / प्रयागराज

एक डिलिवरी बॉय ने चार दिन में दो शादियां रचाई। एक को शहर ले गया और दूसरी को गांव से ले आया। भांडा फूटने पर दोनों पत्नियां थाने पहुंच गईं। डिलिवरी बॉय ने पहली शादी जिससे की, अगले दिन उसे लेकर शहर चला गया। फिर गांव लौट कर उसने दूसरी शादी कर ली। एक साल तक उसका नाटक चलता रहा। आरोपी के परिजन भी उसके नाटक में साथ रहे। पहली पत्नी जब गांव पहुंची तो डिलिवरी बॉय राहुल का पोल खुल गया। आरोपी ने खुद को बचाने के लिए दोनों पत्नियों से किनारा कर लिया, फिर भी मामला शांत नहीं हुआ तो दोनों पत्नियों ने मिलकर कानूनी मदद लेने का निर्णय लिया। हाल ही में दोनों एक साथ सराय इनायत थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने मामले की जांच की और रविवार देर रात एफआईआर दर्ज कर ली। एफआईआर में आरोपी के घर वालों को भी शामिल किया गया है। एसओ सराय इनायत के मुताबिक, आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। चार दिन में दो शादियां करने का यह मामला उक्त थाना के दलापुर गांव का है।
 नवंबर 2024 को की पहली शादी
प्रयागराज के सराय इनायत के दलापुर गांव का राहुल उर्फ रामकृष्ण दूबे स्विगी में डिलिवरी बॉय का काम करता है। गांव की ही खुशबू से उसकी नजदीकी थी। दोनों ने 19 अक्टूबर 2023 को कोर्ट मैरिज कर ली। इसकी जानकारी घर वालों को बाद में हुई, फिर परिवार वालों की मौजूदगी में दोनों की शादी 30 नवंबर 2024 को विधिवत कराई गई। दोनों ने पड़िला महादेव धाम में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह की रस्में पूरी की।
दहेज में लिए 2 लाख रुपए नकद व आभूषण
पहली पत्नी खुशबू ने बताया कि शादी में उसके परिवार ने दो लाख रुपए नकद, आभूूषण और घर-गृहस्थी के सामान दिए थे। शादी के अगले ही दिन राहुल उसे लेकर प्रयागराज के अल्लापुर मोहल्ले में किराए के मकान में रहने लगा। अक्टूबर 2025 में दोनों की बेटी हुई।
दूसरी पत्नी ने बताया- दिसंबर 2024 में की थी शादी
दलापुर गांव की ही शिवांगी ने आरोप लगाया कि राहुल से उसकी शादी 4 दिसंबर 2024 को हुई थी। आरोपी ने उससे कभी भी अपनी पहली शादी के लिए नहीं बताया। शिवांगी ने बताया कि शादी में स्पोर्ट बाइक, तीन लाख रुपए नकद, अन्य सामान दहेज में दिए थे। शादी में करीब छह लाख रुपए खर्च हुए थे। इसके बाद भी उसके परिजन ने दहेज में अतिरिक्त दो लाख रुपए और सोने की जंजीर मांगी थी। मना करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया था।
बच्ची को मारने की कोशिश भी की
पहली पत्नी खुशबू ने आरोप लगाया कि दस नवंबर को वह अपनी एक माह की बेटी संग घर में थी। इस दौरान आरोपी ने उससे मारपीट की। मासूम बच्ची की गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया। पास-पड़ोस के बच्चों ने बीच बचाव कर दोनों की जान बचाई थी, तभी उसे दूसरी शादी की बात पता चली। इसके बाद खुशबू ने शिवांगी का पता किया और उससे मिली, फिर दोनों ने मिलकर आरोपी राहुल व उसके परिजन के विरुद्ध सराय इनायत थानेे में शिकायत दर्ज कराई। सराय इनायत पुलिस ने प्रयागराज पुलिस कमिश्नर के आदेश पर राहुल, उसके पिता राजेश दूबे, मां गीतादेवी, भाई नितेश व सूरज के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। मुख्य आरोपी राहुल समेत सभी के खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न, हत्या का प्रयास आदि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। राहुल को गिरफ्तार किया जा चुका है।
……..

अन्य समाचार

कजरी