-ज्ञानेश्वरी ने मुख्यमंत्री फडणवीस से की मुलाकात
सामना संवाददाता / मुंबई
परली में हुए महादेव मुंडे हत्याकांड पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया है कि इस हत्याकांड में जो भी लोग शामिल हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। यह वादा उन्होंने महादेव मुंडे की पत्नी ज्ञानेश्वरी मुंडे से किया। इसी के साथ एक बार फिर पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे की मुश्किलें बढ़ सकती है।
महादेव मुंडे की २१ अक्टूबर २०२३ को परली के तहसील परिसर में क्रूरतापूर्वक हत्या कर दी गई थी। इस मामले में वाल्मीक कराड और उसके बेटे पर संलिप्त होने का आरोप है। धनंजय को कराड का गुरु माना जाता है। देशमुख हत्याकांड के चलते ही कराड जेल में है और धनंजय को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा है। महादेव मामले में २१ महीने बीत जाने के बावजूद अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे आहत ज्ञानेश्वरी मुंडे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और पिछले २१ महीनों से न्याय के लिए जारी अपनी लड़ाई की जानकारी दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि जब उन्होंने ये बातें मुख्यमंत्री को बताईं तो वे भावुक हो गए और आश्वासन दिया कि इस प्रकरण में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने तुरंत बीड जिले के पुलिस अधीक्षक को इस मामले में फोन कर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
