सामना संवाददाता / नई दिल्ली
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के चुनावी सिस्टम पर बड़ा हमला किया। भारत की चुनाव प्रणाली पहले ही मर चुकी है। उन्होंने दावा किया कि २०२४ के लोकसभा चुनावों में भारी धांधली हुई, जिससे भारतीय जनता पार्टी को बेहद मामूली बहुमत मिला।
नई दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के वार्षिक लीगल कॉन्क्लेव २०२५ में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आनेवाले दिनों में वह सबूत पेश करेगी, जिससे यह साबित हो जाएगा कि लोकसभा चुनाव को कैसे और किस तरह से प्रभावित किया गया। उन्होंने कहा कि हम आपको आने वाले कुछ दिनों में दिखाएंगे कि लोकसभा चुनाव में कैसे धांधली की जा सकती है और की भी गई। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा बहुत ही कम बहुमत से सत्ता में आई है।
अरुण जेटली ने दी थी धमकी
राहुल गांधी ने इस दौरान पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब वे तीन कृषि कानूनों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे, तब अरुण जेटली को उन्हें धमकाने के लिए भेजा गया था। उन्होंने कहा कि मुझे याद है जब मैं कृषि कानूनों का विरोध कर रहा था, अरुण जेटली जी मुझे धमकाने आए थे। उन्होंने मुझसे कहा कि अगर तुम सरकार का विरोध और कृषि कानूनों के खिलाफ लड़ाई जारी रखोगे तो हमें तुम्हारे खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी। इस पर राहुल गांधी ने जवाब में कहा कि शायद आपको नहीं पता कि आप किससे बात कर रहे हैं।
चुनाव आयोग मोदी की कठपुतली
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को चुनाव आयोग पर जोरदार हमला बोला और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘कठपुतली’ तक बता दिया। खरगे ने आरोप लगाया है कि आयोग गरीबों और वंचितों को मताधिकार से वंचित करने के लिए व्यवस्थित रूप से काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग बीजेपी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार से मिलकर जानबूझकर खासकर दलितों, पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों और गरीबों का नाम मतदाता सूची से हटा रहा है।
