मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिदिवा-मुंबई लोकल को लेकर एल्गार मोर्चा

दिवा-मुंबई लोकल को लेकर एल्गार मोर्चा

सामना संवाददाता / ठाणे

दिवा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए लोकल सेवा शुरू करने की मांग को लेकर दिवा में एल्गार मोर्चा निकाला गया। यह मोर्चा दिवा-पूर्व के ग्लोबल स्कूल से होते हुए दिवा स्टेशन के पास धरना स्थल पर पहुंचा। यहीं पर इसका समापन हुआ। इस एल्गार मोर्चे का नेतृत्व समाजसेवी अमोल केंद्रे ने किया। रविवार को सुबह 11 बजे आयोजित इस मोर्चे में बारिश होने के बावजूद लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। मोर्चे को संबोधित करते हुए अमोल केंद्रे ने कहा कि अगर दो दिनों में दिवा से लोकल शुरू करने को लेकर रेल प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठाता है, कोई संतोषजनक जवाब नहीं देता है तो हम अपने साथियों के साथ रेल रोको आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी रेल प्रशासन व डीआरएम की होगी।
दिवा से एसटीएमटी लोकल ट्रेन शुरू होने से यहां के नागरिकों को काम-धंधे पर जाने में सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही यहां रेलवे की घटनाओं में कमी आएगी। समाजसेविका अश्विनी केंद्रे ने कहा कि यह आंदोलन आम नागरिकों का है। लोकल शुरू होने से इसका लाभ सभी को मिलेगा। इसकी पहल होनी चाहिए।

मोर्चे में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल
बता दें कि पिछले 20 दिनों से समाजसेविका अश्विनी अमोल केंद्रे दिवा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए लोकल सेवा शुरू करने को लेकर धरने पर बैठी हैं, लेकिन अभी तक मध्य रेलवे के एक भी उच्च अधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि यहां देखने तक नहीं आए। इस एल्गार मोर्चे में अभय दुबे, बब्बन कांबले, राम पाल मौर्या, राजू गुप्ता, विनोद कदम, प्रवीण उत्तेकर, रेशमा खरात, धनश्री महाडिक, विद्या जैसवाल, अर्चना सकपाल, पूनम कांबले, सुरेखा तोरणे, गजानन शेलार समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

अन्य समाचार