मुख्यपृष्ठनए समाचारधनिया की खेती से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

धनिया की खेती से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

 अनिल मिश्र / पटना

बिहार सरकार के उद्यान विभाग एवं प्रगतिशील एग्री फेड फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को बिहार प्रदेश के गया जिला अंतर्गत टिकारी प्रखंड के मां तारा नगरी केसपा स्थित पंचायत भवन में किसान जागरूकता अभियान सह किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड उद्यान पदाधिकारी शुभम कुमारी ने की, जबकि संचालन एग्री फेड फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के मनीष कुमार ने किया।कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रखंड उद्यान पदाधिकारी शुभम कुमारी ने कहा कि सरकार किसानों को मसाला फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इससे किसानों की आय बढ़ने के साथ खेती में विविधता भी आएगी। उन्होंने बताया कि गया जिले में फिलहाल किसानों को धनिया की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना के तहत प्रति एकड़ आठ हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जिसमें दो हजार रुपये के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि छह हजार रुपये किसानों के खाते में हस्तांतरित किए जाएंगे। उन्होंने धनिया को नगदी फसल बताते हुए किसानों से इसका लाभ उठाने की अपील की।मनीष कुमार ने बताया कि लाव पंचायत के किसानों ने योजना का लाभ लेने का निर्णय लिया है तथा कई किसानों ने इसके लिए पंजीकरण भी कराया है।कार्यशाला में ग्रामीण ई हिमांशु शेखर ने कहा कि पूर्व में कई बार निम्न गुणवत्ता के बीज मिलने के कारण किसानों का सरकारी योजनाओं से भरोसा प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले छोटे स्तर पर किसानों को धनिया की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि किसान बिना अधिक जोखिम के योजना का अनुभव प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि एक साथ 25 एकड़ में खेती करने का लक्ष्य छोटे किसानों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
ग्रामीण राजीव शर्मा ने कहा कि उन्होंने पूर्व में पपीते की खेती की थी, लेकिन फसल बर्बाद हो जाने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। किसान रविंद्र शर्मा ने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ नई फसलों की ओर भी बदलाव करना चाहिए। वहीं श्याम कृष्णा उर्फ रिंटू ने कहा कि अधिकांश किसानों के पास जमीन कम है। ऐसे में यदि सरकार छोटे किसानों को भी सहयोग और तकनीकी मार्गदर्शन दे तो वे छोटे स्तर पर धनिया की खेती करने के लिए तैयार हैं।कार्यशाला में किसानों को धनिया की खेती, सरकारी सहायता एवं पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

अन्य समाचार