मुख्यपृष्ठनए समाचारमहाकुंभ के बाद भी नहीं बना बड़े हनुमान जी का भव्य कॉरिडोर...तारीखें...

महाकुंभ के बाद भी नहीं बना बड़े हनुमान जी का भव्य कॉरिडोर…तारीखें बदलीं, दावे हुए फेल!

-38 करोड़ की परियोजना में नवंबर 2025 तक महज 55 फीसदी काम
-जून 2026 की समय सीमा भी बीती; अब माघ मेला-2027 से पहले अधूरे निर्माण को पूरा कराने की कवायद, पीडीए और मेला प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल

राजेश सरकार / प्रयागराज

संगम की रेती पर महाकुंभ-2025 का भव्य आयोजन संपन्न हो गया, लेकिन संगम तट स्थित बड़े हनुमान जी मंदिर के बहुप्रतीक्षित कॉरिडोर की कहानी अब भी अधूरे निर्माण और लगातार बदलती समय सीमा के बीच उलझी हुई है। श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने और मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप प्रदान करने के नाम पर शुरू हुई लगभग 38 करोड़ रुपये की परियोजना महाकुंभ के बाद भी पूरी नहीं हो सकी। वर्ष 2026 भी समाप्ति की ओर है और जनवरी में माघ मेला-2027 का आगाज होना है, लेकिन मंदिर कॉरिडोर और गर्भगृह के शेष निर्माण कार्यों को पूरा कराने के लिए मंडलायुक्त को एक बार फिर अधिकारियों को निर्देश देने पड़ रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर परियोजना की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारी अब तक क्या कर रहे थे? क्या महाकुंभ के बाद इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर प्रशासन की प्राथमिकता बदल गई?
2025 में ही खुलने लगी थी लापरवाही की परतें
कॉरिडोर निर्माण की शुरुआत 31 जुलाई 2024 को भूमि पूजन के साथ हुई थी। लगभग 11,186 वर्गमीटर क्षेत्र में 38 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को विकसित करने की योजना थी। महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए निर्माण को दो चरणों में बांटा गया। पहला चरण महाकुंभ से पहले पूरा करने और दूसरे चरण में गर्भगृह, शिखर और भव्य मंडप सहित अन्य कार्य कराने की योजना बनाई गई थी। लेकिन वर्ष 2025 में ही निर्माण की रफ्तार पर सवाल उठने लगे। 30 अप्रैल और 1 मई 2025 को प्रकाशित खबरों के मुताबिक सेना की जमीन के बदले समान मूल्य की जमीन हस्तांतरित नहीं होने के विवाद में निर्माण कार्य रुकवा दिया गया था। 3 मई को प्रशासनिक अधिकारियों और सेना के बीच वार्ता के बाद काम दोबारा शुरू कराने का दावा किया गया। इसके बावजूद 5 जून 2025 को दूसरे चरण का निर्माण ठप होने और पहले चरण की फिनिशिंग अधूरी रहने की खबर सामने आई। उस समय भी माघ मेले से पहले काम पूरा कराने का भरोसा दिया गया था।
55 फीसदी काम पर मुख्यमंत्री ने जताई थी नाराजगी
निर्माण की सुस्त रफ्तार का सबसे बड़ा प्रमाण 24 नवंबर 2025 को प्रकाशित खबर में सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक कॉरिडोर परियोजना का काम उस समय केवल 55 प्रतिशत ही पूरा हो सका था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद परियोजना को 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। लेकिन जून 2026 में भी गर्भगृह निर्माण शुरू होने और कॉरिडोर के अंतिम चरण में होने की खबरें प्रकाशित हुईं। यानी तय समयसीमा के बावजूद परियोजना को पूर्णता तक पहुंचाने में देरी हुई।
निर्माण की गुणवत्ता पर भी उठे थे गंभीर सवाल
हैरानी की बात यह है कि मामला सिर्फ देरी तक सीमित नहीं रहा। जुलाई 2025 में मंडलायुक्त की जांच में कॉरिडोर की छत में लीकेज, दीवारों और चौखटों में दरारें, खराब प्लास्टर तथा पुजारी ब्लॉक के सामने फर्श की गलत ढाल के कारण जलभराव जैसी खामियां सामने आई थीं। अगस्त 2026 में भी मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने पिलरों पर नक्काशी और फिनिशिंग की गुणवत्ता पर असंतोष जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित गुणवत्ता और बेहतर फिनिशिंग सुनिश्चित होने के बाद ही संबंधित कार्य का भुगतान किया जाए।
अब माघ मेले की आहट, फिर अधिकारियों की दौड़भाग
27 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने भी मंदिर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को तेजी से काम पूरा कराने के निर्देश दिए। अब 21 नवंबर को मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज और नगर आयुक्त साईं तेजा के साथ निरीक्षण कर कॉरिडोर एवं गर्भगृह के शेष कार्य माघ मेला-2027 से पहले पूरा कराने की हिदायत दी है। मंदिर की अप्रोच रोड के चौड़ीकरण के लिए सेना के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने तथा आसपास की गंदगी, सिल्ट और अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जवाबदेही तय होगी या फिर तारीखों का नया खेल?
बड़े हनुमान जी मंदिर कॉरिडोर की यह पूरी कहानी पीडीए की कार्यप्रणाली, मेला प्रशासन की निगरानी और विभागों के बीच समन्वय पर गंभीर सवाल खड़े करती है। निर्माण की जिम्मेदारी पीडीए और संबंधित कार्यदायी संस्था की है, जबकि मेला प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं विभागीय समन्वय सुनिश्चित करना है। वहीं, कमिश्नरेट पुलिस के सामने मेले के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की चुनौती रहेगी।
ऐसे में प्रशासन को केवल निरीक्षण और निर्देशों तक सीमित रहने के बजाय यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि निर्धारित समयसीमा के बावजूद परियोजना पूरी क्यों नहीं हुई? जमीन हस्तांतरण का विवाद कब पूरी तरह सुलझा? निर्माण में मिली खामियों पर किसकी जवाबदेही तय हुई? जून 2026 की समयसीमा चूकने के बाद अब काम पूरा करने की वास्तविक समयसीमा क्या है?
श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर अब आश्वासनों की नहीं, नतीजों की जरूरत है। माघ मेला-2027 सिर पर है। यदि इस बार भी निर्माण अधूरा रहा तो महाकुंभ के बाद से लगातार किए जा रहे दावों और प्रशासनिक तैयारियों की पोल एक बार फिर खुल जाएगी।

अन्य समाचार