मुख्यपृष्ठनए समाचारमोदी सरकार जवाब दो, हिंदुस्थान के चार राफेल कहां गए?

मोदी सरकार जवाब दो, हिंदुस्थान के चार राफेल कहां गए?

 – ३६ विमानों का बेड़ा घटकर ३२ पर पहुंचने की रिपोर्ट से मचा हड़कंप, फ्लाइट ग्लोबल के दावे से खलबली
– पूर्व वायुसेना उप प्रमुख ने उठाए सवाल

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

हिंदुस्थानी वायुसेना के बेड़े में ३६ अत्याधुनिक राफेल लड़ाकू विमान हैं। हालांकि, ब्रिटिश पत्रिका `फ्लाइट ग्लोबल’ ने दावा किया है कि यह संख्या अब घटकर ३२ रह गई है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि `ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद यह संख्या कम हुई है, जिससे पाकिस्तान के साथ हुए संघर्ष के दौरान राफेल विमानों को मार गिराने के पाकिस्तानी दावे पर फिर से चर्चा शुरू हो गई है। देशभर में यह सवाल पूछा जा रहा है कि ये चार विमान गायब कैसे हो गए और कहां चले गए?
अप्रैल २०२५ में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद हिंदुस्तान ने `ऑपरेशन सिंदूर’ से पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था। इसके बाद मई के पहले सप्ताह में दोनों देशों के बीच संघर्ष छिड़ गया था। इस दौरान पाकिस्तान ने हिंदुस्थान के राफेल विमान मार गिराने का दावा किया था, जिसे हिंदुस्थानी वायुसेना ने लगातार खारिज किया था। लेकिन अब `फ्लाइट ग्लोबल’ पत्रिका ने राफेल से जुड़ी जानकारी प्रकाशित की है। इसके अनुसार, मई २०२५ में पाकिस्तान के साथ हुए संघर्ष से पहले हिंदुस्थान के पास ३५ राफेल विमान थे, और अब इनमें से ३२ विमान ही सेवा में होने का दावा इस पत्रिका ने किया है।
गौरतलब है कि हिंदुस्थान ने २०१५-१६ में लगभग ६३ हजार करोड़ रुपये में ३६ राफेल विमान खरीदे थे, जिसमें एक राफेल की कीमत लगभग ६८६ करोड़ रुपए है।
ऑपरेशनल विमानों की संख्या घटी
हिंदुस्थान ने प्रâांस से ३६ राफेल लड़ाकू विमान खरीदे थे। वर्ष २०२५ के अंत में फ्लाइट ग्लोबल ने ३५ राफेल विमानों के ऑपरेशनल होने का उल्लेख किया था। अब हाल ही में प्रकाशित रिपोर्ट में यह आंकड़ा ३२ बताया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद तत्कालीन सीडीएस अनिल चौहान ने कहा था कि कितने विमान गिरे यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि वे क्यों गिरे यह महत्वपूर्ण है। हालांकि, चौहान ने भी विमानों के गिरने के दावे को खारिज किया था।
वायुसेना ने दावों को खारिज किया
हिंदुस्थानी वायुसेना ने राफेल विमानों की संख्या घटने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। वायुसेना ने कहा है कि ये आंकड़े हिंदुस्थानी वायुसेना या रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी नहीं किए गए हैं। सभी ३६ राफेल विमान देश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस वर्ष जून महीने में वायुसेना ने ३६ राफेल विमानों के रखरखाव के लिए टेंडर आमंत्रित किया था, जिससे यह साबित होता है कि सभी ३६ विमान वायुसेना के बेड़े में मौजूद हैं। वायुसेना ने स्पष्ट किया कि किसी विमान के अस्थायी रूप से नॉन-ऑपरेशनल होने का मतलब यह नहीं है कि वह युद्ध में नष्ट हो गया है।
फ्लाइट ग्लोबल अपने सूत्रों की जांच करे
वायुसेना के पूर्व उपप्रमुख एयर मार्शल एन. तिवारी ने भी इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पत्रिका को अपने सूत्रों की विश्वसनीयता की जांच करनी चाहिए। जिन राफेल विमानों को मार गिराने का दावा पाकिस्तान ने किया था, वे विमान हवाई अभ्यासों के दौरान उड़ान भरते देखे गए थे। तिवारी ने यह भी याद दिलाया कि इन्हीं सूत्रों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वायुसेना की पायलट शिवांगी सिंह को बंदी बनाए जाने का झूठा दावा भी किया था, जबकि बाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनकी तस्वीर प्रकाशित हुई थी।
डोनाल्ड ट्रंप ने भी किया था दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इससे पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ४ से ५ विमानों के गिरने का दावा किया था। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया था कि ये विमान किस देश के थे। उन्होंने यह दावा भी किया था कि उनकी मध्यस्थता और टैरिफ लगाने की धमकी के बाद ही यह संघर्ष रुका था।
विमानों की संख्या कैसे गिनी जाती है?
`सिरियम’ नामक संस्था के आंकड़ों के आधार पर फ्लाइट ग्लोबल में यह जानकारी प्रकाशित की जाती है। उड़ान भरने वाले विमानों के सार्वजनिक निरीक्षण, ट्रैकिंग, ओपन-सोर्स डेटा, रक्षा संबंधी रिपोर्टों और विमानों की पूंछ पर लिखे नंबरों टेल नंबर के आधार पर विमानों के बेड़े की समीक्षा की जाती है, और उसके बाद ऑपरेशनल विमानों के आंकड़े जारी किए जाते हैं।

अन्य समाचार