मुख्यपृष्ठअपराधसाइबर ठगी के बाद भी नहीं जागी खांदेश्वर पुलिस...एफआईआर के लिए बुजुर्ग...

साइबर ठगी के बाद भी नहीं जागी खांदेश्वर पुलिस…एफआईआर के लिए बुजुर्ग ने काटे ४५ चक्कर!

-४.७८ लाख रुपए की ठगी के सात महीने बाद दर्ज हुआ मामला, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सामना संवाददाता / पनवेल

साइबर ठगी के शिकार एक बुजुर्ग को न्याय पाने के लिए सात महीने तक पुलिस थाने के चक्कर काटने पड़े। पीड़ित का आरोप है कि साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद भी खांदेश्वर पुलिस ने उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की। एफआईआर दर्ज कराने के लिए उन्हें करीब ४० से ४५ बार पुलिस थाने जाना पड़ा। आखिरकार सात महीने बाद बुधवार को पुलिस ने मामला दर्ज किया।
इस पूरे प्रकरण में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। न्यू पनवेल के सेक्टर-१६ निवासी ६६ वर्षीय सेवानिवृत्त विजयभारत गुप्ता से गैस मीटर चालू करने के नाम पर ४ लाख ७८ हजार ३१३ रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई थी। घटना २२ अप्रैल २०२६ की है।
पीड़ित के मुताबिक, वे अप्रैल से ही लगातार पुलिस से शिकायत दर्ज करने की मांग कर रहे थे, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। दूसरी ओर, एफआईआर में पुलिस ने दर्ज किया है कि शिकायतकर्ता बुधवार को थाने में उपस्थित हुए और तत्काल मामला दर्ज कर लिया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि जब पीड़ित सात महीने से न्याय की गुहार लगा रहा था, तो उसकी शिकायत पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
पुलिस की कथित लापरवाही उजागर
पुलिस की इस कथित लापरवाही के कारण साइबर ठगों को ठगी की रकम ठिकाने लगाने का पर्याप्त समय मिलने की आशंका है। एक वरिष्ठ नागरिक को एफआईआर दर्ज कराने के लिए इतने चक्कर लगाने पड़ें, तो आम नागरिकों की शिकायतों पर पुलिस की तत्परता का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

अन्य समाचार