मुख्यपृष्ठस्तंभन्यूज स्कैन : पत्रकारिता या वसूली का धंधा?

न्यूज स्कैन : पत्रकारिता या वसूली का धंधा?

 गोविंद पाल

पिछले दिनों यानी १६ नवंबर को `राष्ट्रीय प्रेस दिवस’ मनाया गया। इसी दिन १९६६ में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया का गठन हुआ था जो स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता को समर्पित है। लेकिन इसी दिन एक वरिष्ठ पुलिस अफसर ने मुझसे कहा, `हाथ में माइक आते ही खुद को पत्रकार समझने लगे। कुछ लोग इसमें बुराई कुछ नहीं है, लेकिन कलम और कैमरे की ताकत समाज को सच्चाई दिखाने के लिए होती है, किसी को डराकर निजी स्वार्थ साधने के लिए नहीं, इस बात से कुछ लोग बिल्कुल वास्ता नहीं रखते।’
नई मुंबई में पिछले दिनों कई फर्जी पत्रकारों को पुलिस घेरा। उनका संदर्भ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई ही थी। पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है, जहां पत्रकार का काम जनता की आवाज बनना और सत्ता से जवाबदेही के साथ सवाल पूछना है। लेकिन सोशल मीडिया और डिजिटल मंचों के विस्तार के साथ इस क्षेत्र में चिंताजनक प्रवृत्ति उभरी है। आज हाथ में माइक, गले में पहचान पत्र और मोबाइल कैमरा लेकर कई लोग खुद को पत्रकार मानने लगे हैं, बिना पत्रकारिता के मूल्यों, तथ्यों की जांच और जिम्मेदारी को समझे।
सबसे गंभीर समस्या यह है कि कुछ कथित लोग पत्रकारिता को जनसेवा के बजाय दबाव और अवैध वसूली का माध्यम बना रहे हैं। आरोप लगते हैं कि खबर दिखाने या प्रकाशित करने का डर दिखाकर, अथवा खबर दबाने के नाम पर लोगों से पैसे मांगे जाते हैं। कई बार आरटीआई से जानकारी निकालकर या झूठी शिकायतों की धमकी देकर ब्लैकमेल करने जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं, जिससे समाज में भय का माहौल बनता है। इस प्रवृत्ति का सबसे बड़ा नुकसान ईमानदार पत्रकारों को उठाना पड़ता है। डिजिटल माध्यमों में निष्पक्षता से काम करने वाले कई पत्रकार जनहित के मुद्दे उठाते हैं, पर कुछ लोगों की मनमानी से पूरे पेशे की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगते हैं। माइक या प्रेस कार्ड किसी को पत्रकार या समाज का प्रहरी नहीं बनाता, असली पहचान ईमानदारी, निष्पक्षता और तथ्यों की पुष्टि से होती है।
आवश्यकता इस बात की है कि ऐसे लोगों की पहचान हो, जो पत्रकारिता की आड़ में दबाव का धंधा चलाते हैं। मीडिया संस्थानों को ऐसे पत्रकारों की जवाबदेही तय करनी चाहिए और पुलिस को वसूली की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि पत्रकारिता की गरिमा और विश्वास सुरक्षित रह सके।

अन्य समाचार