सामना संवाददाता / वाराणसी
विश्व शांति, स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि, अहिंसा और मानवता का संदेश लेकर पालघर, महाराष्ट्र से काशी पहुंची। राष्ट्रीय जनजागरण यात्रा “SAVE SELF – THE AWAKENING YATRA (PHASE-II)” का वाराणसी स्थित सेंटर फॉर सनातन रिसर्च, मालवीय बाग, सिगरा में वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण के साथ भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज, पालघर पीठाधीश्वर, महाराष्ट्र का सेंटर फॉर सनातन रिसर्च के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिषेक द्विवेदी (गणेश जी) ने अपनी पूरी टीम के साथ आत्मीय अभिनंदन किया। वैदिक मंत्रों की गूंज, मंगलाचरण और पारंपरिक स्वागत ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। श्री हरि नारायण सेवा संस्थान, पालघर एवं अहिंसा योग के तत्वावधान में आयोजित 14 दिवसीय इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य योग, अहिंसा, आत्मजागरण, मानसिक शांति, स्वास्थ्य, करुणा, मानवीय संवेदना और विश्व बंधुत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। स्वागत समारोह में सेंटर फॉर सनातन रिसर्च के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिषेक द्विवेदी (गणेश जी) ने योगीराज के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस मुहिम में हम सभी कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। गुरुजी का एक आदेश होगा तो देश के किसी भी कोने में अभियान के लिए हम सभी पहुंचेंगे और अपना सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने अहिंसा योग के संदेश को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपनी पूरी टीम की सहभागिता एवं समर्पण का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जौनपुर से संदीप सिंह, जफराबाद विधानसभा के भावी प्रत्याशी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने भी इस अभियान का हृदय से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अहिंसा, योग और मानवता के इस जनकल्याणकारी मिशन में वे हर संभव सहायता एवं सहयोग प्रदान करेंगे। अहिंसा योग यात्रा के क्रम में कुटीर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चक्के में भी योगीराज एवं यात्रा दल का स्वागत एवं सम्मान किया गया। महाविद्यालय के प्रबंधक अजयेंद्र दुबे ने योगीराज का अभिनंदन करते हुए कहा कि आज विश्व को इस अहिंसा योग मुहिम की नितांत आवश्यकता है। वर्तमान समय में मानव समाज को शांति, सद्भाव, संयम और मानवीय मूल्यों की ओर लौटने की आवश्यकता है तथा अहिंसा योग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, और यात्रा फ्यूल हेतु आर्थिक योगदान भी दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण योगीराज भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज द्वारा अहिंसा योग की महत्ता पर दिया गया मार्गदर्शन रहा। उन्होंने बताया कि अहिंसा केवल शारीरिक हिंसा से बचने का विचार नहीं, बल्कि विचार, वाणी और व्यवहार में करुणा, प्रेम, सहिष्णुता एवं संवेदना विकसित करने की जीवनशैली है। योगीराज ने उपस्थित लोगों को नादयोग की अवधारणा से परिचित कराते हुए अपनी बांसुरी की मधुर धुनों के माध्यम से ध्यान कराया। बांसुरी के सुरों पर आधारित इस ध्यान साधना ने उपस्थित लोगों को शांति, एकाग्रता और आत्मचिंतन का अनुभव कराया। इस मुहिम कार्यक्रम प्रभारी डॉ. नितिन शर्मा जी नागपुर तक यात्रा में शामिल होकर वापसी की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगीत और नाद साधना मन को एकाग्र करने तथा आंतरिक शांति की अनुभूति के लिए उपयोगी माध्यम हो सकते हैं। बांसुरी के माध्यम से भक्ति, साधना और मानवता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना इस अभियान का विशेष उद्देश्य है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सेंटर फॉर सनातन रिसर्च के अध्यक्ष जौनपुर रजनीश दुबे, प्रवक्ता विनोद शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष दिलमोहन तिवारी, प्रदेश मंत्री शंकर बोस, व्याकरण विभाग के प्रवक्ता मुकेश त्रिपाठी, भुवनेश्वर चौबे (मामा जी), कार्यालय प्रभारी केशव प्रसाद, मालवीय बाग के सचिव श्री अरोड़ा जी, वरिष्ठ समाजसेवी किशन जी, विकेश दुबे, प्रवासी संदेश मुंबई के प्रधान संपादक राजेश उपाध्याय, आदर्श तिवारी, युवा समाजसेवी पंकज उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सुंदर एवं प्रभावी संचालन आयुष इंदु पांडे ने किया।
