मुख्यपृष्ठसमाचारमहिला अधिवक्ता को मिल रही जान से मारने की धमकी

महिला अधिवक्ता को मिल रही जान से मारने की धमकी

राजेश सरकार / प्रयागराज

दबंगों के हमले में गंभीर रूप से घायल महिला अधिवक्ता को हमलावर अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट की अधिवक्ता प्रिया प्रजापति पर छह अक्टूबर की सुबह उनके प्लाट पर डेढ़ दर्जन लोगों ने मिलकर लाठियां चलाईं थी। हमले में उनका सिर फटा, हाथ की हड्डी़ टूटी और एक पैर से आज भी लंगड़ा कर चल रही हैं। घटना वाले दिन ही उन्होने नैनी कोतवाली में 14 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया था। लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आज की तारीख में कोई भी कार्रवाई नहीं की। पुलिस की शह पाकर दबंग हमलावर अब उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। हमलावरों को सजा दिलाने के लिए महिला अधिवक्ता नैनी कोतवाली का चक्कर लगा रही है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।

सीएम पोर्टल पर भेजी फरियाद
नैनी पुलिस से निराश महिला अधिवक्ता ने सीएम योगी आदित्यनाथ से आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी से फरियाद की है कि स्थानीय पुलिस दबंगों के साथ मिली है। इसलिए उनके विरुद्व कार्रवाई नहीं कर रही है। जिससे दबंग बेखौफ होकर पीड़िता और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

मिशन शक्ति अभियान पर उठे सवाल
महिला अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले में अभी तक पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध किसी तरह की कोई कार्यवाही नहीं की। इससे मिशन शक्ति अभियान फेज 5 के वास्तविक क्रियान्वयन पर सवाल उठ रहे हैं।

अन्य समाचार