सुनील शेट्टी ६४ साल की उम्र में भी अपनी जबरदस्त फिटनेस को लेकर चर्चा में हैं। वह नन्हीं इवाराह के नाना भी हैं, लेकिन उनकी ऊर्जा और फिटनेस आज भी युवाओं को टक्कर देती है। सुनील शेट्टी का फिटनेस का राज उनका सख्त डाइट और लाइफस्टाइल रूटीन है। वह सालों से अपने खाने में तेल और चीनी का इस्तेमाल लगभग नहीं करते। वह हमेशा पोषण से भरपूर भोजन को प्राथमिकता देते हैं और हर मील में प्रोटीन, हेल्दी फैट और कार्बोहाइड्रेट का संतुलन रखते हैं। सुनील ने बताया कि वह ब्लैक कॉफी खजूर के साथ बिना चीनी के पीते हैं। वह दक्षिण भारतीय हैं, इसलिए चावल खाते हैं, लेकिन उसकी मात्रा सीमित रखते हैं और तेल का इस्तेमाल बहुत कम करते हैं। वह रोज सुबह ५:३० बजे वर्कआउट करते हैं और अगर विदेश में भी हों तो ८ बजे तक अपनी एक्सरसाइज पूरी कर लेते हैं। वह शाम ६ बजे से पहले डिनर करना पसंद करते हैं। उनका मानना है कि खाने का समय, मात्रा और गुणवत्ता ही अच्छी सेहत की असली कुंजी है।
