मुख्यपृष्ठसमाचारमंदिर में चोरी: दानपात्र तोड़कर नकदी पार, स्मैकियों पर गहराया शक

मंदिर में चोरी: दानपात्र तोड़कर नकदी पार, स्मैकियों पर गहराया शक

राजेश सरकार / प्रयागराज

स्थानीय मेवालाल बगिया तिराहे पर स्थित एक मंदिर को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। पीपल के वृक्ष के नीचे बने इस मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर उचक्के उसमें रखी करीब डेढ़ हजार रुपये की चढ़ावा राशि लेकर चंपत हो गए। घटना की जानकारी बुधवार शाम को उस समय हुई जब मंदिर के पुजारी सफाई करने पहुंचे।
-भंडारे की रकम पर चोरों ने फेरा हाथ
मंदिर के पुजारी राजेश के मुताबिक, बीते 9 अगस्त को मंदिर में भंडारा आयोजित किया गया था। इस धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक दानपात्र में छोटी-बड़ी राशियां अर्पित की थीं। दानपात्र में वही श्रद्धा की कमाई जमा थी, जिस पर बुधवार को शातिर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। बुधवार शाम को जब तेज बारिश के बीच पुजारी राजेश मंदिर परिसर की सफाई करने पहुंचे, तो दानपात्र का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर देखने पर पता चला कि सारी नकदी गायब थी।
-नशेड़ियों के जमावड़े से स्थानीय लोग त्रस्त, स्मैकियों पर शक
पुजारी राजेश ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि देर रात होते ही मंदिर और आसपास के इलाके में स्मैक पीने वाले नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। ये असामाजिक तत्व देर रात तक यहां मंडराते रहते हैं। पुजारी ने पूरी आशंका जताई है कि इसी स्मैकिया गैंग ने नशे की लत को पूरा करने के लिए मंदिर के दानपात्र को निशाना बनाया है।
-पुलिस अब तक घटना से बेखबर
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी अभी तक नैनी थाने में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। शिकायत न मिलने के कारण स्थानीय नैनी पुलिस इस पूरी घटना से पूरी तरह बेखबर है। क्षेत्र के लोगों में इस चोरी को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात के समय इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

अन्य समाचार