हिमांशु राज
अनन्या पांडे ने हाल ही में अपने पहले घर को लेकर अपने प्रशंसकों के साथ खास जज़्बात साझा किए। उन्होंने बताया कि मुंबई में खरीदे गए इस नए आशियाने के इंटीरियर की जिम्मेदारी उन्होंने किसी बड़े डिज़ाइनर को नहीं, बल्कि अपने दिल के बेहद करीब शख्स गौरी खान को दी। अनन्या के अनुसार यह फैसला पूरी तरह भावनात्मक था क्योंकि गौरी हमेशा से उनके जीवन का हिस्सा रही हैं और बचपन से ही उन्हें अपनी दूसरी मां जैसा प्यार दिया है।
एक बातचीत में अनन्या ने कहा, “मेरे लिए यह चुनाव सिर्फ सजावट से जुड़ा नहीं था बल्कि बहुत ही भावुक था। मैंने उनके साथ बड़े होते हुए काफी समय बिताया है और वे हमेशा से मेरे लिए परिवार का हिस्सा रही हैं। घर को सजाते समय उन्होंने मेरी पसंद ऐसे समझी मानो अपनी बेटी सुहाना का घर डिज़ाइन कर रही हों।”
अनन्या ने आगे बताया कि उन्होंने इस पूरे अनुभव में सबसे ज्यादा इस बात को सराहा कि गौरी ने उन्हें बराबरी से महत्व दिया। बचपन से रिश्ते में अपनापन होने के बावजूद उन्होंने अपने विचार थोपे नहीं बल्कि अनन्या को स्वतंत्र रूप से अपनी पसंद चुनने दी। उनके अनुसार, “इंटीरियर डिज़ाइनिंग केवल किसी आर्किटेक्ट का प्रोजेक्ट नहीं होता बल्कि वह जगह होती है जहां इंसान अपनी पूरी ज़िंदगी जीता है। इसलिए उसका व्यक्तित्व उस घर में झलकना ज़रूरी है और गौरी ने मेरी पहचान को सही तरह से घर में उतारा।”
सोशल मीडिया पर ‘ड्रीम गर्ल 2’ की अभिनेत्री ने अपने घर की झलक दिखाते हुए गौरी के लिए एक भावनात्मक संदेश भी लिखा, “मेरा पहला घर, मेरा सपना… धन्यवाद गौरी खान, मेरी सोच को इतना गहराई से कोई और नहीं समझ सकता था। आपने इसे मेरे लिए बेहद खास बना दिया। आप बेस्ट हैं, ढेर सारा प्यार।”
अनन्या की इन भावनाओं से साफ है कि उनके जीवन का यह अध्याय केवल एक घर की नींव नहीं बल्कि रिश्तों और अपनापन की मजबूती का प्रतीक भी है।
