मुख्यपृष्ठनए समाचारवाराणसी में हाई-वोल्टेज शादी ड्रामा ...जयमाल के बीच दुल्हन ने तोड़ी शादी

वाराणसी में हाई-वोल्टेज शादी ड्रामा …जयमाल के बीच दुल्हन ने तोड़ी शादी

 

वाराणसी (लोहता थाना क्षेत्र) में एक शादी समारोह उस समय अचानक चर्चा का केंद्र बन गया, जब जयमाल के दौरान दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और पूरे पंडाल में सन्नाटा छा गया। दूल्हा बारात लेकर खुशी-खुशी पहुंचा था, लेकिन वह दुल्हन के बिना ही लौटने को मजबूर हो गया।
जानकारी के अनुसार, शादी की सभी तैयारियां धूमधाम से चल रही थीं। बारातियों का स्वागत हुआ, नाच-गाना हुआ और जयमाल का मंच भी सज चुका था। लेकिन जैसे ही दुल्हन वरमाला लेकर स्टेज पर पहुंची, उसी समय उसका प्रेमी वहां पहुंच गया।
प्रेमी को देखते ही दुल्हन ने दूल्हे के गले में वरमाला डालने से साफ इनकार कर दिया। इस घटना से दूल्हा और वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ लोगों ने प्रेमी के साथ मारपीट भी कर दी।
मामले को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और दोनों पक्षों को कोटवां पुलिस चौकी भी बुलाया गया, लेकिन वहां भी समाधान नहीं हो सका। अंतत: दूल्हे को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।
बाद में सामने आया कि युवती का चोलापुर थाना क्षेत्र के भटौली गांव के युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिवार की मर्जी से उसकी शादी कहीं और तय की गई थी। शादी के दौरान जब उसने अपने प्रेमी को सामने देखा, तो वह खुद को रोक नहीं सकी।
हंगामे के बाद दोनों परिवारों की सहमति से प्रेमी-प्रेमिका की मंदिर में शादी कराई गई। दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामा और परिवारों से आशीर्वाद लिया।

अन्य समाचार