मुख्यपृष्ठनए समाचारविकास की अंधी दौड़ में उजड़ रहे प्रवासी पक्षियों के आशियाने!

विकास की अंधी दौड़ में उजड़ रहे प्रवासी पक्षियों के आशियाने!

 -मुंबई के तटीय इलाकों पर मंडराया संकट ३ से ४ हजार किलोमीटर की लंबी उड़ान भरकर पश्चिमी तट पर पहुंचते हैं प्रवासी पक्षी

सामना संवाददाता / मुंबई

विकास की अंधी दौड़ अब प्रकृति के बाशिंदों के अस्तित्व पर भारी पड़ने लगी है। मुंबई और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में तेजी से बढ़ते शहरीकरण, आर्द्रभूमियों पर अतिक्रमण, बेतहाशा निर्माण कार्य और जलवायु परिवर्तन ने प्रवासी पक्षियों के प्राकृतिक आशियानों को संकट में डाल दिया है। कभी हजारों परिंदों की चहचहाहट से गुलजार रहने वाले समुद्री कीचड़ वाले मैदान और खारे दलदल अब अपना मूल स्वरूप खोने के कगार पर हैं। यदि समय रहते इन प्राकृतिक ठिकानों को नहीं बचाया गया तो प्रवासी पक्षियों की कई प्रजातियों का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है।
वन्यजीव शोधकर्ता मारुति चितमपल्ली और डॉ. सलीम अली की जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र में ५ से १२ नवंबर तक पक्षी सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी बीच सृष्टि संरक्षण फाउंडेशन के गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों पर किए गए वैज्ञानिक अध्ययन ने संरक्षण व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर किया है। ‘मध्य एशियाई फ्लाईवे: प्रवासी जलपक्षी संरक्षण’ परियोजना में उन महत्वपूर्ण आवासों की पहचान की गई है, जहां प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी तो बड़ी संख्या में है, लेकिन उनके संरक्षण को लेकर गंभीर चुनौतियां हैं।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, आर्कटिक, रूस, मध्य एशिया और यूरोप से आने वाले पक्षी ३ से ४ हजार किलोमीटर की लंबी उड़ान भरकर भारत के पश्चिमी तट पर पहुंचते हैं। समुद्री कीचड़ वाले मैदान उन्हें भोजन और ऊर्जा देते हैं, जबकि खारे दलदल ज्वार के समय उनके विश्राम स्थल बनते हैं। तिब्बती सैंडप्लोवर, डनलिन, कर्ल्यू सैंडपाइपर और ब्लैक-टेल्ड गॉडविट जैसी प्रजातियां इन आवासों पर निर्भर हैं। इनमें कुछ प्रजातियां आईयूसीएन की संकट के करीब और कमजोर श्रेणियों में शामिल हैं।
रिपोर्ट में खारे दलदलों के पुनरुद्धार, ज्वारीय कीचड़ वाले मैदानों को महत्वपूर्ण आर्द्रभूमि का दर्जा देने और जलस्तर बनाए रखने की सिफारिश की गई है।

 

अन्य समाचार