-ओमानी सह-पायलट ने कथित रूप से चाकू मारा, घायल कैप्टन स्मित मच्छार ने किया मुकाबला; यात्रियों और अतिरिक्त चालक दल ने हमलावर को दबोचा
एजेंसी / दुबई
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड-१०७३ में कथित अपहरण और विमान गिराने की कोशिश से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। भारतीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हमले में घायल मुख्य पायलट भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छार थे। बताया गया है कि ओमान के नागरिक सह-पायलट ने उन्हें चाकू मारने के बाद विमान की प्रणालियों से छेड़छाड़ कर उसे दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। इस दौरान विमान महज कुछ सेकंड में करीब १४ हजार फीट नीचे आ गया। जानलेवा चोट के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हमलावर का मुकाबला किया। यात्रियों और विमान में यात्रा कर रहे अतिरिक्त चालक दल के सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर कथित हमलावर को काबू किया। दूसरे पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभालकर उसे सऊदी अरब के तबूक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा।
कैप्टन मच्छार के बारे में बताया गया है कि वे पहले स्पाइसजेट में वरिष्ठ कमांडर और प्रशिक्षण कप्तान रह चुके हैं तथा वर्ष २०२२ से फ्लाई दुबई में बोइंग-७३७ के कैप्टन हैं। सऊदी अधिकारियों ने संदिग्ध सह-पायलट को हिरासत में ले लिया है। इजराइल इसे संभावित आतंकवादी हमला मानकर जांच कर रहा है। हालांकि, कैप्टन मच्छार की पहचान और घटनाक्रम का पूरा विवरण फ्लाईदुबई अथवा सऊदी प्रशासन ने आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं किया है।
