साउथ में अपना मंदिर बनने का खुली आंखों से सपना देखनेवाली उर्वशी रौतेला वैसे तो आए दिन किसी न किसी बात को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। लेकिन इस बार उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट शेयर किया है, जिसे देखने के बाद उनके चाहनेवाले लंदन एयरपोर्ट से गायब हुए उनके ७० लाख के गहनों से भरे बैग की खोज में निकल पड़े हैं। बीते दिनों विंबलडन में लाबूबू डॉल्स के साथ बड़ी स्टाइल में फोटो खिंचवाने वाली उर्वशी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘एक प्लैटिनम एमिरेट्स मेंबर और एक ग्लोबल आर्टिस्ट होने के नाते मैं विंबलडन देखने गई थी। मुझे यह बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि मुंबई से एमिरेट्स की हमारी उड़ान के बाद, लंदन गैटविक एयरपोर्ट पर बैगेज बेल्ट से हमारा क्रिश्चियन डायर ब्राउन बैग चोरी हो गया। हमारे बैगेज टैग और टिकट होने के बावजूद बैग बेल्ट एरिया से गायब हो गया, जो एयरपोर्ट पर सुरक्षा के उल्लंघन का गंभीर मामला है।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘यह मामला केवल खोए हुए बैग का नहीं है, यह सभी यात्रियों की जवाबदेही, सुरक्षा और सम्मान का मामला है।’
