सोम मिश्रा “शिवम”
फिल्म बॉलीवुड के बेहद लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर शान ने अपने बेटे युवा कलाकार माही को ईपी “तलब” के साथ गीत संगीत की विरासत को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए मैदान में उतार दिया है। चार गानों वाला यह ईपी माही के स्वतंत्र संगीत सफर में एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ है, जिसमें उनकी दिल से गाई गई आवाज़ और सच्ची भावनाओं का रंग झलकता है।
आपको बता दें ईपी ‘तलब’ एक बेहद व्यक्तिगत म्यूजिकल नैरेटिव है, जो भावनाओं के तूफान को दर्शाता है — शुरुआती आकर्षण और मोहब्बत की प्यास से लेकर त्याग और समर्पण तक। इन गानों में माही की गहराई से लिखी हुई सोच और सच्ची कहानी कहने की क्षमता साफ झलकती है, जो उनके श्रोताओं को हमेशा पसंद आती है। इस ईपी के चारों गाने एक कहानी की तरह हैं, जो रिश्ते के अलग-अलग पड़ावों को दर्शाते हैं। टाइटल ट्रैक “तलब” प्यार में डूबने की उस शुरुआत को दिखाता है, जब इंसान पूरी तरह उस एहसास में खो जाता है। “वारी वारी” रिश्ते में आने वाले त्याग और समर्पण को उजागर करती है, जबकि “दिलदारी” प्यार के कोमल और दयालु पहलू का जश्न मनाती है। अंत में, “राहें” इस प्रेम कहानी की मंज़िल है, जो दो लोगों के बीच लंबे, खूबसूरत सफर और एक-दूसरे के साथ बढ़ते रिश्ते का प्रतीक है। इस अवसर पर माही ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा, “मेरा अब तक का सफर अपनी खुद की आवाज़ खोजने का रहा है और तलब उस सफर का सबसे सच्चा रूप है। मैं प्यार के अलग-अलग रंगों को ईमानदारी और हकीकत से दिखाना चाहता था। इस ईपी में मेरा दिल लगा है, और मुझे उम्मीद है कि लोग इन कहानियों से जुड़ेंगे।
इसके अलावा, फिल्टर कॉपी के साथ इस ईपी पर आधारित माइक्रो-ड्रामा में काम करना भी बेहद रोमांचक अनुभव था — क्योंकि इसमें मैं खुद उस किरदार की भावनाओं को जी पाया।” माही पहले ही अपने गानों “सॉरी” और “जादूगरी” से इंडी म्यूजिक सीन में अपनी पहचान बना चुके हैं। हाल ही में रिलीज़ हुआ उनका गाना “जान से ज़्यादा” उनके लिए भावनात्मक पल रहा, क्योंकि इसमें उनके माता-पिता शान और राधिका मुखर्जी भी नज़र आए। यह साल माही के लिए अब तक का सबसे बड़ा साबित हो रहा है क्योंकि उन्होंने न केवल अपना पहला ईपी तलब रिलीज़ किया है, बल्कि फिल्म ‘नादानियाँ’ में प्लेबैक सिंगर के रूप में डेब्यू भी किया है, जिससे वे एक बहुमुखी युवा कलाकार के रूप में उभरकर सामने आए हैं। प्रसिद्ध म्यूज़िक लेबल सारेगामा के तहत रिलीज़ हुआ यह ईपी अब सभी प्रमुख म्यूज़िक प्लेटफॉर्म्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।
