-३०० चिकित्सकों ने गांव-गांव की १२ हजार मरीजों की चिकित्सा
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन ने रविवार को पूर्वी यूपी के बारह जिलों में महामना स्वास्थ्य सेवा यात्रा निकाली। काशी क्षेत्र के इन जिलों में एक साथ इस यात्रा में १०० से अधिक स्थानों पर लगभग ३०० चिकित्सक,५०० चिकित्सा छात्र और २०० से अधिक कार्यकताओं ने १२००० से अधिक मरीजों का परीक्षण किया। उन्हें उचित मात्रा में दवा भी उपलब्ध कराई गई। एनएमओ की सुल्तानपुर इकाई ने ११ कैंप और अमेठी जिले में ३ शिविर लगाकर लोगों की जांच की।।दवा वितरित की और फिर सेवा बस्तियों में सभी का स्वास्थ्य प्रबोधन भी किया।विशेष रूप से कुपोषण, एनीमिया, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर पर लोगों को जागरूक किया गया। सुल्तानपुर इकाई के अध्यक्ष वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एएन सिंह और सचिव नेत्ररोग विशेषज्ञ डॉ. संदेश के नेतृत्व में ४० से अधिक चिकित्सकों ने ११ स्थानों पर सुल्तानपुर में और अमेठी में ३ स्थानों पर शिविर लगाए। ये शिविर एकल आरोग्य फाउंडेशन और सेवा भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए गए। चिकित्सकों में प्रमुख रूप से डॉ. जेपी सिंह, डॉ. सीबीएन त्रिपाठी, डॉ. एके सिंह, डॉ. राजेश गौतम, डॉ. अमित कौशल, डॉ. अंकुर सेठ, डॉ. आरपी द्विवेदी, डॉ. पवन, डॉ. अमित कौशिक, डॉ. सचिन सिंह, डॉ. शैलेन्द्र, डॉ. अनुपम, डॉ सुमित, डॉ. सुप्रीत, डॉ. आकाश, डॉ. पीयूष, डॉ. सौरभ, डॉ. इंद्रसेन सहित मेडिकल कॉलेज के २५ से अधिक रेजिडेंट चिकित्सकों ने स्वास्थ्य सेवा की। सुल्तानपुर के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भारत भूषण, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल और मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. आर के मिश्र ने विभिन्न शिविर स्थलों पर पहुंच कर चिकित्सक और कार्यकर्ताओं का प्रोत्साहन किया। इकाई अध्यक्ष एएन सिंह ने तीनों अधिकारियों के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रांतीय स्तर पर इस स्वास्थ्य सेवा यात्रा को संचालित करने में काशी प्रांत अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र तिवारी, सचिव डॉ. राजेश राय, यात्रा संयोजक डॉ अतुल सिंह, छात्र प्रमुख नीलेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
