● गौसेवा को लेकर महाराजश्री की बड़ी तैयारी
● 288 गौविधायकों की हुई नियुक्ति
कविता श्रीवास्तव / मुंबई
ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने महाराष्ट्र सरकार से मांग की है कि वह एक महीने के भीतर गौमाता से संबंधित आवश्यक ‘प्रोटोकॉल’ जारी करे। महाराजश्री आजकल मुंबई में ही हैं। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में देसी गाय को ‘राजमाता’ का दर्जा प्राप्त है। लेकिन गाय के पालन-पोषण, उसकी सुरक्षा, उसका कत्ल रोकने आदि से संबंधित कोई प्रोटोकॉल अभी तक जारी नहीं हुआ है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंदजी ने गाय को राष्ट्रमाता घोषित कराने के लिए देशव्यापी अभियान चलाया है। इन दिनों मुंबई में बोरीवली स्थित कोराकेंद्र ग्राउंड पर उनका चातुर्मास्य चल रहा है। वहां 33 करोड़ आहुतियां वाला 108 कुंडीय गौ-प्रतिष्ठा महायज्ञ भी पूरे जोर-शोर से चल रहा है।
‘रामा गोधाम’ बनाने की घोषणा
महाराजश्री के सानिध्य में शनिवार को गौ-संसद का आयोजन बोरीवली में किया गया। इसमें घोषणा की गई कि शंकराचार्य के सानिध्य में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में हाईटेक ‘रामा गोधाम’ बनवाया जाएगा। उसमें गौसेवा के लिए आधुनिक किस्म के सभी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। वहां स्थानीय लोगों को साथ लेकर गौमाता की संपूर्ण सेवा होगी। प्रस्तावित ‘रामा गोधाम’ का नक्शा भी इस अवसर पर प्रदर्शित किया गया। शनिवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंदजी के सानिध्य में हुए गौ-संसद में गौसुरक्षा, गौसेवा आदि के कार्यों के लिए 288 गौविधायकों की नियुक्ति की गई। इसके पहले चरण में शपथ, कार्यप्रणाली, प्रश्न निराकरण, कार्य विभाजन आदि हुए। महाराजश्री ने पूरे देश में विभिन्न क्षेत्रों में गौसांसद और गौविधायकों की नियुक्ति की तैयारी की है।
गौसेवकों व गौभक्तों का लगा कारवां
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के चातुर्मास्य महोत्सव में गौप्रतिष्ठा, गौसेवा, गौसुरक्षा व गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने के जारी अभियान में साथ देने के लिए आयोजन स्थल पर गौसेवकों व गौभक्तों का कारवां निरंतर उमड़ रहा है। महाराजश्री से मिलने हर दिन देश के नामी साधु-संतों, महंतों, धर्माचार्यों, आम श्रद्धालुओं आदि का आगमन भी आयोजन स्थल पर निरंतर जारी है।
