सामना संवाददाता / मुंबई
देश की बदहाल अस्पताल सुविधा किसी से छिपी नहीं है। आए दिनों खस्ताहाल अस्पतालों के मामले सामने आते रहते हैं। अब महाराष्ट्र के स्वास्थ्य तंत्र की पोल खोलने वाला एक मामला सामने आया है। इसकी चर्चा लोग जोर-शोर से कर रहे हैं। दरअसल, नांदेड़ जिले के कंधार स्थित ग्रामीण अस्पताल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक महिला मरीज के शरीर पर चूहा घूमते दिखाई दे रहे हैं, जिससे अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
दरअसल, यह घटना उस समय सामने आई, जब अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज बिस्तर पर लेटी हुई थी और एक चूहा उसके शरीर पर फुदकता हुआ देखा गया। एक अन्य मरीज के रिश्तेदार ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। अस्पताल में जब मरीज के ऊपर खुलेआम चूहा घूम रहा हो तो बाकी जगहों का क्या हाल होगा। लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में एक से अधिक चूहे खुलेआम घूम रहे हैं।
इस अस्पताल में सिर्फ एक चूहा नहीं है, बल्कि वीडियो में कई चूहे भागते-दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीण अस्पताल के महिला वार्ड की ये तस्वीरे हैं, जो लगातार सरकारी अस्पतालों की लचर व्यवस्था और सफाई की गंभीर कमी को उजागर कर रही हैं। देखा जाय तो ये कोई पहला मामला नहीं है, जब किसी अस्पताल में मरीजों के आस-पास चूहे बेखौफ अंदाज में घूम रहे हों, जहां इंफेक्शन का सबसे ज्यादा डर होता है, वहां चूहों का होना खतरे को और बढ़ा देता है।
