मुख्यपृष्ठसमाचारदो युवकों की संदिग्ध मौत से दो घरों पर पसरा मातम, इलाके...

दो युवकों की संदिग्ध मौत से दो घरों पर पसरा मातम, इलाके में हड़कंप

-पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, हर पहलू की जांच शुरू

राजेश सरकार / प्रयागराज

शहर के करैली थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात कुछ ही घंटों के अंतराल पर दो अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में दो व्यक्तियों की मौत की खबर सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। एक घटना बेनीगंज की है, जबकि दूसरी जीके आशियाना कॉलोनी की। दोनों मामलों में प्रथम दृष्टया फांसी लगने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार कर रही है। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना बेनीगंज इलाके की है। यहां रहने वाले राजकुमार अग्रहरि उर्फ पप्पू (32), पुत्र स्वर्गीय दशरथ लाल, अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही करैली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
इसी बीच करैली क्षेत्र की जीके आशियाना कॉलोनी से भी एक अन्य संदिग्ध मौत की सूचना पुलिस को मिली। यहां सैयद मोहम्मद अहमद (42), पुत्र स्वर्गीय सैयद हामिद हुसैन, का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में प्रथम दृष्टया फांसी लगने की बात सामने आई है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। परिजनों से तहरीर लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है, तो उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करैली पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं और प्रत्येक मामले की स्वतंत्र रूप से गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाने में लगी है, ताकि मौत की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

अन्य समाचार

मुखौटे