मुख्यपृष्ठअपराधटेरर कॉल से टेंशन में मुंबई पुलिस...छह महीने में दो दर्जन धमकियां!

टेरर कॉल से टेंशन में मुंबई पुलिस…छह महीने में दो दर्जन धमकियां!

-अब अस्पताल और एयरपोर्ट को मेल से उड़ाने का थ्रेट

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई पर इन दिनों फर्जी टेरर कॉल का आतंक छाया हुआ है। कभी एयरपोर्ट तो कभी पुलिस मुख्यालय तो कभी अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकियां बराबर मिल रही हैं। हद तो तब हो गई जब गणेश उत्सव के दौरान ४०० किलो आरडीएक्स से मुंबई को दहला देने की धमकी मिली। पुलिस ने अभी इस फर्जी डरावना मैसेज करने वाले को गिरफ्तार किया ही था कि एक और ईमेल द्वारा अस्पताल और डोमेस्टिक एयरपोर्ट को बम से उड़ा देने की धमकी मिली। पिछले छह महीने में दो दर्जन से ज्यादा बार इस तरह की फर्जी धमकियां दी जा चुकी हैं।
बता दें कि शनिवार रात मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल के डीन को मेल भेजकर उसे उड़ाने की दी गई धमकी। साथ ही छत्रपति शिवाजी महाराज डोमेस्टिक एयरपोर्ट में ब्लास्ट करने का थ्रेट मिला। आनन-फानन में एटीएस और बम स्क्वाड की टीम दोनों जगहों पर पहुंची। छानबीन में पता चला कि दोनों धमकी फर्जी है।
बता दें कि पिछले ६ महीने में इस तरह के २ दर्जन से ज्यादा हॉक्स कॉल ने पूरे शहर को आतंकित करके रख दिया है। पाकिस्तानी आतंकी संगठन द्वारा आरडीएक्स से मुंबई में धमाके करने वाले फर्जी मामले में हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आई है। नोएडा से गिरफ्तार आरोपी अश्विन कुमार सुपरा को मुंबई लाकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह बिहार का रहने वाला है और ज्योतिष है। उसने अपने जानने वाले फिरोज नाम के शख्स को आतंकवाद में फंसाने के लिए धमकी दी थी। अश्विन के मुताबिक, उसका फिरोज के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। फिरोज ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके चलते उसे तीन महीने की जेल हुई थी। उसी का बदला लेने के मकसद से उसने फिरोज की तस्वीर को नए सिम के व्हॉट्सएप स्टेटस लगाकर पाकिस्तानी आतंकवादी मामले में फंसाने के लिए साजिश रचि। पुलिस ने आरोपी अश्विन के पास से कई मोबाइल और सिम बरामद किए हैं। इसी तरह पिछले सोमवार को कलवा रेलवे स्टेशन में बम धमाका करने का मैसेज मिला था। इस मामले में एक ४३ वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।
मंदिर को उड़ाने की धमकी
अगस्त महीने में गिरगांव स्थित इस्कॉन मंदिर को भी बम से उड़ाने का फर्जी मेल आया था। तीन महीने पहले एक सिरफिरे व्यक्ति ने पुलिस मुख्यालय बम से उड़ाने की धमकी इसलिए दी, क्योंकि पुलिस स्टेशन में उसकी शिकायत नहीं ली गई थी। पुलिस ने उसे विक्रोली से गिरफ्तार किया था।

अन्य समाचार