मुख्यपृष्ठनए समाचार‘मोदी’ जी के मित्र का नया धमाका...टेरर का ट्रंप कार्ड... भारत ड्रग...

‘मोदी’ जी के मित्र का नया धमाका…टेरर का ट्रंप कार्ड… भारत ड्रग सप्लायर राष्ट्र!

-अमेरिका ने कोलंबिया और वेनेजुएला की श्रेणी में लिखा हिंदुस्थान का नाम

-मोदी सरकार की बोलती बंद

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

अपने मित्र मोदी के देश हिंदुस्थान पर टैरिफ लगाकर धमाका करनेवाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप ने एक और धमाका कर दिया है। ट्रंप ने एक बार फिर से हिंदुस्थान की पीठ में छुरा घोंपा है। पिछले दिनों ५० प्रतिशत टैरिफ थोपकर हिंदुस्थानियों को ‘जख्म’ देनेवाले ट्रंप ने अब भारत को दुनियाभर में बदनाम ‘ड्रग्स सप्लायर’ देशों की सूची में डाल दिया है। भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील की जारी चर्चाओं के बीच हिंदुस्थान को इस सूची में डालकर ट्रंप ने अपना नया कार्ड चल दिया है। ट्रंप द्वारा कोलंबिया, वेनेजुएला और पाकिस्तान, अफगानिस्तान जैसे देशों की सूची में हिंदुस्थान का नाम डाल दिए जाने के बावजूद न सिर्फ मोदी पूरी तरह मौन साधे हुए हैं, बल्कि उनकी सरकार की भी पूरी तरह से बोलती बंद है।
कल गुरुवार सुबह ट्रंप ने हिंदुस्थान का नाम दुनिया के २३ ड्रग सप्लायर देशों की सूची में डालते हुए परोक्ष रूप से भारत सहित इन देशों को अमेरिका की सुरक्षा के लिए खतरा तक बता दिया। इसे लेकर कांग्रेस सहित विपक्ष ने मोदी सरकार पर तीखे हमले किए हैं। विपक्ष का कहना है कि देश की आजादी के बाद से अभी तक देश को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इतनी भारी बेइज्जती से नहीं गुजरना पड़ा, जितनी बेइज्जती एक अकेले मोदी सरकार के दौरान हिंदुस्थानियों को झेलनी पड़ रही है। कई मामलों में पाकिस्तान, बांग्लादेश जैसे देशों से भी नीचे पहुंच गए हिंदुस्थान को अब ड्रग्स सप्लायर देशों की बदनाम सूची में डाल दिया गया है।
७० वर्षों में ऐसा अपमान नहीं
ट्रंप द्वारा भारत को ड्रग्स सप्लायर देशों की सूची में डाल देने को लेकर विपक्ष आक्रामक है। मोदी से ट्रंप की कथित दोस्ती पर तंज कसते हुए कांग्रेस ने जहां सोशल मीडिया पर जोरदार हमला बोल दिया है, वहीं नेटीजंस भी इसे लेकर मोदी सरकार की तीखी आलोचना कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं सहित लोगों ने मोदी के ‘७० वर्षों’ वाले जुमले की याद दिलाते हुए कहना शुरू कर दिया कि आजादी के बाद से अब तक पिछले ७० सालों में देश का ऐसा अपमान नहीं हुआ।
बदनाम देशों की सूची में भारत
ड्रग्स सप्लायर देशों की इस बदनाम सूची में कोलंबिया, वेनेजूएला जैसे दक्षिण अमेरिकी देशों के अलावा पाकिस्तान और अफगानिस्तान सहित कुल २३ देश शामिल हैं। अमेरिका ने कहा है कि ये देश या तो खुद अवैध ड्रग्स के उत्पादन में संलग्न हैं या इनके मार्फत अमेरिका में अवैध रूप से नशीली दवाओं की तस्करी की जाती है।

अन्य समाचार

सीप