सामना संवाददाता / झुंझुनू
राजस्थान में झुंझुनू जिले के बिसाऊ कस्बे में शनिवार सुबह एक नवजात शिशु प्लास्टिक की थैली में लिपटा हुआ मिला। यह नवजात भीखनसर सड़क मार्ग पर श्मशान घाट के पास गंदे पानी के किनारे पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने बच्चे को रोते हुए देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बिसाऊ निवासी मदनलाल पुत्र तेजाराम और आस-पास के लोगों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उन्होंने एक बच्चे के रोने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक नवजात शिशु प्लास्टिक की थैली में लिपटा और हरे रंग के कपड़े में सिमटा हुआ था। नवजात जीवित अवस्था में था और उसका जन्म कुछ ही घंटे पहले हुआ बताया जा रहा है।
सूचना मिलने पर बिसाऊ थानाधिकारी महेंद्र सिंह और उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात शिशु को सुरक्षित बिसाऊ के जटिया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. निधि ने नवजात का प्राथमिक उपचार किया और उसकी देखभाल की। पुलिस ने झुंझुनू के उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी है। सूचनाकर्ता से एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। बच्चे की बेहतर देखभाल के लिए उसे जिला मुख्यालय भेजा जाएगा।
