मुख्यपृष्ठनए समाचारअब एरोली की मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी!..एक मोबाइल नंबर पर २८८...

अब एरोली की मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी!..एक मोबाइल नंबर पर २८८ मतदाता पंजीकृत!

सामना संवाददाता / मुंबई

नई मुंबई में मतदाता पंजीकरण में गड़बड़ियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेलापुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पाम बीच रोड स्थित सुलभ शौचालय और मनपा आयुक्त के आवास पर मतदाता पंजीकृत का रिकॉर्ड मिलने के बाद अब ऐरोली विधानसभा क्षेत्र से एक और भयानक गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। इसमें एक प्रशासनिक अधिकारी के मोबाइल नंबर पर २८८ मतदाताओं के नाम पंजीकृत होने की बात सामने आई है।
गौरतलब है कि उक्त अधिकारी २०१४ से पहले इसी विधानसभा क्षेत्र में ‘चुनाव निर्णय अधिकारी’ के रूप में कार्यरत थे। इसलिए, इन मतदाताओं के पंजीकरण के समय और उद्देश्य को लेकर गंभीर संदेह उत्पन्न हो गया है।
एक ही परिवार के २५० से अधिक मतदाता
मनसे द्वारा मतदाता सूची में इस गड़बड़ी का खुलासा करने से चुनाव आयोग और पूरी चुनाव प्रक्रिया पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है। इससे पहले भी मनसे बेलापुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में गड़बड़ी का खुलासा कर चुकी है। इसमें जुईनगर के एक सार्वजनिक शौचालय पर मतदाता का नाम पंजीकृत मिला था। पाम बीच रोड इलाके में २५० से अधिक मतदाताओं के नाम एक ही परिवार में दर्ज होने की बात सामने आई है। इतना ही नहीं, मनपा आयुक्त के आवास पर १५० से अधिक मतदाताओं के पंजीकृत होने के प्रमाण मिलने से यह मामला और भी गंभीर हो गया है। अब, ऐरोली विधानसभा क्षेत्र में एक ही मोबाइल नंबर पर २८८ मतदाताओं के पंजीकृत होने के प्रमाण मिलने पर नागरिकों द्वारा आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है। यह घटना ऐरोली विधानसभा क्षेत्र के कोपरखैरणे सेक्टर-२ की है। एक ही मोबाइल नंबर पर सैकड़ों मतदाताओं का पंजीकरण होने का मतलब है कि चुनाव आयोग की सत्यापन प्रणाली पूरी तरह से निष्क्रिय है। आशंका जताई जा रही है कि आधार नंबर, मोबाइल ओटीपी और स्थानीय स्तर पर सत्यापन की सारी प्रक्रियाएं सिर्फ कागजों पर ही पूरी की गई होंगी। उक्त घटनाओं के बाद मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया की पारदर्शिता पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है।

अन्य समाचार

सूत्रधार