सामना संवाददाता/ मुंबई
राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर के पुणे के कल्याणीनगर स्थित नए होटल ‘द नाइन्स’ को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। होटल के उद्घाटन के बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए चाकणकर पर सवाल उठाते हुए होटल की कथित लागत और उनकी संपत्ति के स्रोत को लेकर जांच की मांग की है। सवाल किया कि करीब २० हजार वर्गफुट क्षेत्र में बने इस बड़े रेस्टोरेंट की मौजूदा कीमत कथित तौर पर ३५ करोड़ रुपए है, तो एक सामान्य नागरिक के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि इतनी बड़ी संपत्ति के लिए पैसा कहां से आया? कांग्रेस नेता संगीता तिवारी ने तंज कसते हुए कहा, `मैडम जी, इतनी माया कहां से बरस रही है? करोड़ों की संपत्ति कैसे और कब अर्जित की, जरा हमें भी बताइए।
कांग्रेस नेता ने होटल के उद्घाटन समारोह में मौजूद राजनीतिक नेताओं पर भी टिप्पणी करते हुए सवाल उठाया कि एक ओर करोड़ों रुपए के होटल का उद्घाटन हो रहा है और दूसरी ओर राजनीतिक क्षेत्र के कई प्रमुख चेहरे वहां दिखाई दे रहे हैं। रुपाली चाकणकर ने हाल ही में होटल व्यवसाय में कदम रखते हुए कल्याणीनगर जैसे पुणे के पॉश इलाके में ‘द नाइन्स’ नाम से बार एवं रेस्टोरेंट शुरू किया है।
