राजस्थान का रण : राजस्थान में आया पोपाबाई राज!

गजेंद्र भंडारी

भजनलाल सरकार पर लगातार कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा हमलावर हैं। डोटासरा ने बीजेपी को जमकर घेरा। उन्होंने भजनलाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में तो पोपाबाई राज आ गया। यहां किसी मंत्री को नहीं पता कि क्या चल रहा है? डोटासरा ने सरकार पर युवाओं को नौकरी न देने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सरकार ने ७ महीने में खुद की निकाली भर्ती में ७ लोगों को नौकरी नहीं दी और सीएम खुद ही अपनी पीठ थपाथपा रहे हैं। भजनलाल सरकार को लेकर डोटासरा ने कहा कि सरकार में खींचतान बनी हुई है। यहां ६ महीने में खींचतान शुरू हो गई। डोटासरा ने कहा कि यहां कौन मंत्री रहेगा, कौन मुख्यमंत्री ढूंढ़ने में १० दिन लगा दिए थे, लेकिन अब काम नहीं कर पा रहे हैं। झुंझुनू में यमुना के पानी को लेकर सीएम ने आश्वासन दिया। इस पर डोटासरा ने कहा कि सीएम कह रहे हैं कि यमुना का पानी लाएंगे, कब ला देंगे, ला दीजिए, पता नहीं कब पर्ची बदल जाए और दिल्ली से फरमान आ जाए। डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा कि जो करना है कर दीजिए, अगर पानी ऐसे नहीं आ रहा तो एक मटका भरकर ला दीजिए। डोटासरा ने कहा कि कुंभाराम परियोजना को आगे बढ़ाए बिना यमुना का पानी नहीं आएगा।
दिलावर ने मारी पलटी
आदिवासी समाज को लेकर शिक्षामंत्री मदन दिलावर के बयान के बाद सियासत कम नहीं हो रही है। रविवार को जयपुर में बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत ने मदन के आवास पहुंचकर डीएनए के लिए ब्लड सैंपल देने का प्रयास किया। हालांकि, उन्होंने पुलिसकर्मियों की मदद से अपना ब्लड सैंपल सौंपा। इसी बीच पूरे मामले को लेकर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने एक बार फिर आदिवासियों को लेकर बयान देते हुए कहा कि इस देश में रहने वाले सभी लोग आदिवासी हैं और आदिवासी सबसे श्रेष्ठ हैं। दिलावर ने कहा कि इस देश में रहने वाले सभी जाति के लोग आदिवासी रहे हैं, इस देश में अनादि काल से रहने वाले लोग आदिवासी हैं और मैं भी आदिवासी हूं। मदन दिलावर ने कहा कि इस देश में रहने वाले ब्राह्मण, राजपूत और सभी वर्ग आदिवासी रहे हैं और आदिवासी हमेशा से ही पूजनीय रहे हैं और देश में रहने वाले सभी आदिवासियों का हम सम्मान करते हैं। पहले शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अपने एक बयान में कहा था कि जो आदिवासी खुद को हिंदू नहीं मानते उन्हें डीएनए टेस्ट करवा लेना चाहिए कि उनका बाप कौन है, जिसके बाद मामला काफी गरमा गया और आदिवासी पार्टी ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए मदन दिलावर से माफी मांगने को कहा। इसके बाद शनिवार को आदिवासी पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन कर शिक्षा मंत्री से इस्तीफा की मांग रखी गई।
अपनों से ही परेशान
लोकसभा चुनाव के बाद एक बार फिर दौसा में सियासत का टेंपरेचर हाई हो गया है। वैâबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के इस्तीफा देने वाले बयान पर राजनीति अभी थमी भी नहीं थी कि दौसा बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष अमर सिंह कसाना के बयान ने हलचल मचा दी है। कसाना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर विधानसभा उपचुनाव से पहले सियासत को गरमा दिया है। उन्होंने कहा है कि दौसा जिला भाजपा अध्यक्ष समेत पूरे संगठन को लोकसभा चुनाव में बीजेपी की हार को देखते हुए नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। इनको पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। अगर इन्होंने समय रहते हुए इस्तीफा नहीं दिया तो आने वाले विधानसभा उपचुनाव में दौसा की सीट पर बीजेपी को भारी नुकसान होगा। कसाना ने पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों को अपील करते हुए लिखा कि मैं प्रदेश नेतृत्व और राष्ट्रीय नेतृत्व से आग्रह करना चाहता हूं कि भाजपा की दौसा में स्थिति बहुत खराब है इसलिए संगठन पर विशेष ध्यान दें। दौसा सीट पर बैरवा, गुर्जर या मीना को टिकट दिया तो भाजपा की जीत होगी अन्यथा जातीय समीकरणों के आधार पर भाजपा की हार लगभग तय है। दौसा सीट परिणाम में कांग्रेस के मुरारी लाल मीणा ने दौसा लोकसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की और बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा। अब हार के बाद पूर्व जिला अध्यक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर लिखी गई पोस्ट ने बीजेपी नेताओं में हलचल पैदा कर दी है।

मेहनतकश : गरीबी से निकल जगा रहे शिक्षा की अलख

सगीर अंसारी

कहते हैं शिक्षा किसी की मोहताज नहीं होती। शिक्षा के बल पर इंसान फर्श से अर्श तक पहुंच जाता है। इसी कड़ी में डॉक्टर सत्तार खान ने भी गरीबी झेलते हुए शिक्षा ग्रहण की और आज उच्च मुकाम तक पहुंच गए हैं। वे जब छोटे थे तब अपनी मां के साथ वर्ष १९७४ मैं मुंबई आए। यहां आने के बाद वे कुर्ला इलाके में अपने मामा के घर पर रहकर चौथी कक्षा से पढ़ाई शुरू की। बाद में चेंबूर के मुक्तानंद हाई स्कूल से दसवीं की परीक्षा देने के बाद वे यशवंत राव चव्हाण मुक्त विद्यापीठ से बीए तक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से एमए किया। इसी तरह वर्ष २०१८ में एलएलबी भी पूरा किया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी में प्रवेश किया। डॉ. सत्तार खान के अनुसार, उन्होंने सबसे पहले तत्कालीन विधायक व महाराष्ट्र राज्य के शिक्षा मंत्री प्रो. जावेद खान के साथ कार्यकर्ता के रूप में काम शुरू किया। इसी दौरान सत्तार खान की शादी हुई और वे चार बच्चों के पिता बने, जिनमें दो पुत्र और दो पुत्री हैं। डॉक्टर सत्तार खान ने उन्हें भी उच्च शिक्षा दिलाई। अपने बच्चों की परवरिश के साथ-साथ डॉ. सत्तार खान ने समाज में अनेक बच्चों की शिक्षा के लिए भी काम किया, जिनमें से कुछ इंजीनियर तो कुछ एडवोकेट बनकर कार्य कर रहे हैं। सामाजिक कार्यों के दम पर डॉ. सत्तार खान को साल २०१८ में कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट (पीएचडी) की उपाधि मिली। शिक्षा व सामाजिक कार्यों में रुचि रखनेवाले डॉ. सत्तार खान को दिल्ली स्थित वर्ल्ड ह्यूमन राइट यूनिवर्सिटी की तरफ से वर्ष २०२२ में दोबारा पीएचडी से नवाजा गया। एडवोकेट के तौर पर अदालत में प्रैक्टिस करनेवाले डॉक्टर सत्तार खान ने कांग्रेस पार्टी के रोजगार एवं स्वयंरोजगार सेल के मुंबई महासचिव पद पर रहकर अनेक बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलवाया। उनके इस कार्य में मुंबई कांग्रेस कमेटी अध्यक्षा प्रो. वर्षा गायकवाड का भी काफी सहयोग मिला, साथ ही पार्टी में रहकर उन्होंने स्थानीय रहिवासियों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों व नेताओं के सामने आवाज बुलंद की। लोगों की चाहे छोटी समस्या हो या बड़ी, वे कभी भी सहायता करने से पीछे नहीं हटे। लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनके हक की लड़ाई लड़ी। कई शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े हुए डॉ. सत्तार खान ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई सामाजिक संस्थाओं के साथ जुड़कर अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। गोवंडी और चेंबूर रेलवे स्टेशन के बीच में रेलवे लाइन पार करने के दौरान कई विद्यार्थियों और नागरिकों की जान चली जाती थी, इस जगह पर पादचारी पुल के निर्माण को लेकर उन्होंने ७ वर्षों तक संघर्ष किया। आखिरकार, वहां पुल बनवाकर ही दम लिया।

बैड न्यूज जुड़वां बच्चों के दो बाप!

क्या ऐसा संभव है कि किसी महिला को जुड़वां बच्चे पैदा हों और उन दोनों बच्चों के बाप अलग-अलग यानी दो हों? कोई भी यही कहेगा कि ऐसा संभव नहीं है। अब विक्की कौशल जो अगली फिल्म करने जा रहे हैं वह इसी विषय पर आधारित है। और जवाब है कि हां जुड़वां बच्चों के दो बाप हो सकते हैं। असल में एक ही ओव्यूलेशन पीरियड के दौरान जब महिला अलग-अलग लोगों से यौन संबंध स्थापित करती है तो उसके चलते उनके स्पर्म सेल्स से दो अंडे फर्टिलाइज हो जाते हैं और उसे ‘हेट्रोपेटरनल सुपरफेकंडेशन’ कहते हैं। यह एक दुर्लभ घटना है जिससे जुड़वां बच्चों का जन्म होता है पर उनके पिता अलग-अलग होते हैं। विक्की कौशल की फिल्म ‘बैड न्यूज’ इसी विषय पर आधारित है। अब देखना है कि विक्की इस विषय के साथ किस तरह न्याय कर पाते हैं।

डेटिंग ऐप के इश्क में लगा झटका

डेटिंग ऐप के जरिए इश्क की तलाश में जुटे एक युवक को जोरदार झटका लगा है। दिल्ली में रहने वाले युवक को एक हजार रुपए के खाने का बिल एक लाख रुपए चुकाना पड़ा है। दरअसल, दिल्ली में एक डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों को लूटने वाला गैंग सक्रिय है। इस गैंग की जानकारी दिल्ली पुलिस को तब चली, जब २४ जून को एक शिकायतकर्ता जो यूपीएससी की तैयारी कर रहा होता है, वो दिल्ली के शकरपुर थाने में पहुंचता और बताता है कि उसकी दोस्ती डेटिंग ऐप पर एक २४ साल की लड़की से हुई थी, जिसने अपना नाम वर्षा बताया था। उस लड़की ने शिकायतकर्ता को विकास मार्ग के एक रेस्तरां में बुलाया, जहां पर उसे बंधक बनाकर सवा लाख रुपए का बिल वसूला गया है। पीड़ित की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने ठगी और आपराधिक षड्यंत्र की साजिश के तहत एफआईआर दर्ज की और जांच में जुट गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग ने कितने और लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।

सियासतनामा : मजलूम बनाम जालिम

सैयद सलमान मुंबई

लोकसभा चुनाव के पहले इंडिया गठबंधन में शामिल दो राज्यों के मुख्यमंत्री जेल पहुंचा दिए गए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तो अभी भी जेल में हैं। निचली अदालत से जमानत मिलने के बावजूद जेल से रिहा होने से पहले ही उन्हें उच्च न्यायालय में अपील कर जेल से निकलने नहीं दिया गया। दूसरी तरफ झारखंड के मुख्यमंत्री रहते हुए हेमंत सोरेन भी केंद्रीय जांच एजेंसियों के रडार पर आए थे। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री पद सौंप दिया। आखिर उनकी गिरफ्तारी हुई और वो हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आए। विपक्ष का आरोप है कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी बदले और राजनीतिक दुर्भावना से की गई। हेमंत सोरेन जमानत मिलने के बाद फिर से सक्रिय हो गए हैं। बहुत जल्द झारखंड में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उनके बाहर आने से विपक्ष के हौसले बुलंद हुए हैं। विपक्ष को लग रहा है कि जल्द ही केजरीवाल को भी जमानत मिल जाएगी। सोरेन और केजरीवाल को अगर मजलूम बनाकर पेश करने में इंडिया गठबंधन कामयाब होता है तो भाजपा को जालिम होने का तमगा मिल जाएगा।
भीड़ का हिस्सा
बिहार में नीतीश कुमार को लेकर हमेशा संशय बना रहता है। उनकी राजनीतिक चालों को समझना आसान नहीं होता। कभी भाजपा और कभी राजद के साथ मिलकर सरकार बनाने का अनूठा रिकॉर्ड उनके नाम है। हालिया संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में वो भाजपा के साथ थे। एनडीए सरकार के केंद्रीय मंत्रिमंडल में उन्हें ज्यादा महत्व मिलने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, फिर भी वो भाजपा के साथ बने हुए हैं। लेकिन उनका मन कचोट तो रहा ही होगा कि कहां वो कभी इंडिया गठबंधन के सूत्रधार थे और कहां एनडीए की भीड़ का हिस्सा बनकर रह गए हैं। अब उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा या विशेष पैकेज का मुद्दा उठाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश की है। जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव लाकर उन्होंने यह दिखाने का प्रयास किया है कि वो बिहार को लेकर गंभीर हैं। हालांकि, चर्चा है कि भाजपा अब उन्हें रास्ते से हटाकर किसी भाजपा नेता या चिराग पासवान को प्रोजेक्ट करने की रणनीति बना रही है। सुशासन बाबू की चतुराई की असल अग्निपरीक्षा अभी बाकी है।
अगला निशाना जेजेपी
जिन पार्टियों के साथ भी भाजपा पहले गठबंधन करती है उसे बाद में निपटा देती है। उसका अगला निशाना हरियाणा की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) है। हालांकि, जेजेपी ने लोकसभा चुनाव से पहले ही भाजपा से अलग होने का एलान कर दिया था। इसके बाद हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को इस्तीफा देना पड़ा था। तब भाजपा ने निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बना कर अपनी साख बचाई थी। नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। लेकिन लोकसभा चुनाव के नतीजों ने साबित कर दिया कि हरियाणा में सरकार के खिलाफ माहौल बन चुका है। खासकर किसान और जाटों का जबरदस्त विरोध है। ऐसे में भी भाजपा ने हरियाणा में अगला विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा कर दिया है। यह किसी और को नहीं, बल्कि जेजेपी को खत्म करने का मंसूबा है। जेजेपी को अलग-थलग कर वह अपने राष्ट्रीय नेताओं की इमेज भुनाकर जेजेपी के वोट बैंक पर कब्जा करना चाहती है। अब जेजेपी की भूमिका पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
योगी और सहयोगी
नौकरियों में ओबीसी और एससी-एसटी आरक्षण को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अब अपने ही लोगों के निशाने पर है। हालिया लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन से पिछड़ने के बाद राज्य में भाजपा के सहयोगियों की नाराजगी सामने आई है। पहले केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल व अब निषाद पार्टी के मुखिया और यूपी में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने ओबीसी रिजर्वेशन को लेकर योगी सरकार को घेरा है। दोनों ने योगी सरकार पर आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे को ठीक से हैंडल नहीं करने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में जिस तरह से विपक्ष ने संविधान और आरक्षण का मुद्दा उठाया, उसके आगे भाजपा की राम मंदिर, सांप्रदायिक भेदभाव, बुलडोजर या अपराधियों को ढेर करने वाली कोई रणनीति काम नहीं आई। भाजपा को अपनी इन्हीं उपलब्धियों पर नाज था, जबकि जनता को रोजी-रोटी की आस थी। भाजपा और योगी आदित्यनाथ जनता की इस नब्ज को अपने अहंकार के कारण पकड़ नहीं पा रहे। नतीजतन भाजपा के छोटे-छोटे सहयोगी दलों की भी अब जुबान खुल गई है।
(लेखक मुंबई विश्वविद्यालय, गरवारे संस्थान के हिंदी पत्रकारिता विभाग में समन्वयक हैं। देश के प्रमुख प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक हैं।)

बारिश से बचने के लिए कार बनी घर!

उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने अपने सोशल मीडिया पर एक लड़की का वीडियो शेयर किया है, जो बारिश से बचने के लिए अपनी गाड़ी को ही घर बना देती है। लड़की के इस कारनामे को देखकर उद्योगपति आनंद महिंद्रा भी शॉक्ड हो गए और उन्होंने खुद इस अपार्टमेंट को किराए पर लेने की मांग कर दी। ये वीडियो उन्होंने एक्स पर शेयर किया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़की आउटडोर वैंâपिंग करती है। सबसे पहले लड़की एक टेंट लगाती है, जिसे वो अपनी गाड़ी से अटैच करती है। इसके बाद वो टेंट को अपने कमरे की तरह सजाती है। इसी के साथ वो टेंट में एक अलग से डाइनिंग एरिया भी बनाती है। गाड़ी के पास ही एक दूसरा टेंट लगाती है, जिसमें बाथरूम की सुविधा होती है। गौरतलब है कि लड़की ने अपनी गाड़ी को जिस तरह से एक घर में बदला है, ऐसे में उसके टैलेंट को देखकर सोशल मीडिया पर लोग लड़की की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। लोगों को वैंâपिंग का ये अनोखा तरीका काफी पसंद आ रहा है।

चेंबूर रेलवे स्टेशन के शेड से पानी का रिसाव!

सामना संवाददाता / मुंबई 

मुंबई में मानसून पूर्व किए गए बड़े-बड़े दावे धाराशायी हो चुके हैं। सड़कोें पर जमा होने वाले पानी से लोग परेशान तो हैं ही, साथ ही अब रेलवे स्टेशन पर भी लोग टपकते पानी से भीगने को मजबूर हैं। तेज बरसात के दौरान चेंबूर रेलवे स्टेशन की छत लीक होने लगी, जिसकी वजह से कई यात्री भीग गए, तो कई यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही छाता खोलने के लिए मजबूर होना पड़ा। चेंबूर रेलवे स्टेशन को महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन के रूप में जाना जाता है। इस क्षेत्र में मेट्रो, मोनो, सांताक्रूज-कुर्ला लिंक रोड, ईस्ट एक्सप्रेसवे द्वारा जल्दी पहुंचा जा सकता है। यही वजह है कि चेंबूर क्षेत्र की जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है। फिलहाल, चेंबूर स्टेशन कुर्ला, गोवंडी, मानखुर्द स्टेशन की छत से पानी टपक रहा है। चेंबूर रेलवे स्टेशन के खंभों और छतों में भी दरारें पड़ गई हैं और कुछ जगहों पर जंग लग गई है इसलिए बारिश का पानी सीधे प्लेटफार्म पर गिरता है। हर साल मानसून के सीजन की शुरुआत में रेलवे स्टेशन के रखरखाव के लिए रेलवे लाखों रुपए खर्च करता है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण रेलवे प्रशासन की लापरवाही सामने आई है।

कैच ने पलटी मैच

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर आईसीसी टी-२० विश्वकप २०२४ का खिताब अपने नाम किया है। भारत ने साल २००७ में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी टी-२० विश्वकप का खिताब अपने नाम किया था और उसके बाद से टीम इंडिया कोई खिताब नहीं जीत पाई थी। लेकिन अब रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम ने १७ साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए टी-२० विश्वकप का खिताब अपने नाम किया है। भारतीय टीम को जीत के लिए आखिरी ओवर में १६ रन डिफेंड करने थे और हार्दिक पंड्या ने सिर्फ ८ रन दिए। इस दौरान उन्होंने ओवर की पहली ही गेंद पर डेविड मिलर को अपना शिकार बनाया. हालांकि, यह विकेट सूर्यकुमार यादव के खाते में जाना चाहिए, ऐसा कहना गलता नहीं होगा क्योंकि उन्होंने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर बाउंड्री लाइन पर एक शानदार कैच लपककर पूरा मैच ही पलट दिया। सूर्या कैच के दौरान अपना बेलेंस खो चुके थे, लेकिन उन्होंने उसी को देखते हुए अंदर गेंद को उछाला और दोबारा में खुद अंदर आते हुए कैच को पूरा किया। भारत के लिए यह कैच काफी अहम साबित हुआ।

बाल-बाल बचे बोमन

कभी-कभार जल्दबाजी खतरनाक हो सकती है। उसका परिणाम हास्यास्पद हो सकता है और लोग जमकर मजाक उड़ा सकते हैं। मामला टी२० वर्ल्ड कप के फाइनल का है। १६ वें ओवर तक खेल अफ्रीकी झोली में जा चुका था। खासकर छक्कों की बरसात के बाद। ऐसे में अभिनेता बोमन ईरानी द. अफ्रीका की जीत का संदेश लिखने जा रहे थे, तभी पासा पलटा और पांड्या ने छक्केबाज को चलता कर दिया। यह देखकर बोमन ठमक गए। बाद में बोमन ने लिखा, ‘दक्षिण अफ्रीका के लिए मुबारकबाद पोस्ट लिखने जा रहा था, फिर यह खेल हुआ। भारत की अविश्वसनीय जीत।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘इसे ही तो फाइनल कहते हैं, अच्छा खेले बॉयज।’ अब जरा सोचिए, अगर जल्दबाजी में बोमन ने वो मुबारकबाद लिखकर पोस्ट कर दिया होता तो क्या होता?

मनपा की उपेक्षा का शिकार बना उद्यान!

सामना संवाददाता / मुंबई

मनपा के वॉर्ड क्रमांक १८६ में स्थित धारावी का एन. शिवराज उद्यान इन दिनों मनपा की उपेक्षा का शिकार बना हुआ है, यहां आलम यह है कि इस उद्यान में हरियाली के नाम पर तो कुछ है ही नहीं। साथ ही कचरे व गंदगी के चलते यह उद्यान चलने लायक भी नहीं रह गया है। यहां खुलेआम नशेड़ी नशा करते दिखाई दे रहे हैं, जिसकी वजह से अब यहां लोगों की आवाजाही भी नहीं होती। धारावी के संत कक्वैâया मार्ग पर संत कक्वैâया मनपा स्कूल के बगल में स्थानीय रहिवासियों के घूमने-फिरने तथा बच्चों को खेलने के लिए इस उद्यान को बनाया गया था, पर मौजूदा समय में स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि यहां घूमना-फिरना तो दूर रहिवासी बैठ भी नहीं सकते। गंदगी और कीचड़ से भरे इस मैदान में बच्चे खेलने को मजबूर हैं। पता चला है कि इसके पुनर्निर्माण को लेकर दो बार कोशिशें की गईं पर इसका पुनर्निर्माण हो नहीं पाया। मनपा अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसके पुनर्निर्माण में जमकर लूट की और मरम्मत कर फिर उसे उसके हाल पर छोड़ दिया गया। स्थानीय निवासी मनपा प्रशासन के प्रति आक्रोशित हैं। अब यहां पर होनेवाली सभाएं भी स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही हैं, यहां पर सभाओं के होने की वजह से यहां रहनेवालों को आने-जाने में काफी दिक्कतें होती हैं। बता दें कि यह उद्यान आस-पास के हजारों बच्चों, बूढ़ों के लिए एकमात्र ऐसी खुली जगह है, जहां पर खुली सांस ली जा सकती है। इस मैदान के पुनर्निर्माण की मांग स्थानीय निवासी कर रहे हैं।