टेस्ट क्रिकेट में वापसी करते ही टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत ने फॉर्म में भी वापसी कर ली है। पंत ने हाल ही में हेडिंग्ले टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ दोनों पारियों में सेंचुरी ठोकी थी। इसके बाद एजबेस्टन टेस्ट में भी उनसे शानदार पारियों की उम्मीद है, लेकिन इस मैच में उनकी बैटिंग आने से पहले ही उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। भारत के आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की नवीनतम बल्लेबाजी रैंकिंग में कल एक स्थान के फायदे से छठे स्थान पर पहुंच गए। इंग्लैंड के खिलाफ पिछले हफ्ते एक ही टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बने पंत के करियर के सर्वश्रेष्ठ ८०१ रेटिंग अंक हैं। वह शीर्ष पर चल रहे इंग्लैंड के जो रूट से सिर्फ ८८ अंक पीछे हैं। पंत ने जुलाई २०२२ में करियर की सर्वश्रेष्ठ पांचवीं रैंकिंग हासिल की थी। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल चौथे स्थान पर बरकरार हैं और बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष भारतीय हैं। कप्तान शुभमन गिल एक स्थान के नुकसान से २१वें पायदान पर हैं।
