उमेश गुप्ता / वाराणसी
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपये मूल्य का विदेशी सोना बरामद किया है। इस मामले में गुजरात निवासी एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 491.290 ग्राम 24 कैरेट विदेशी सोना बरामद हुआ है।
डीआरआई को पहले से सूचना मिली थी कि शारजाह से इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-184 से आने वाला एक भारतीय यात्री बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी कर वाराणसी पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी और विमान के पहुंचते ही संदिग्ध यात्री को रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान डीआरआई अधिकारियों ने यात्री की गहन जांच की। जांच में उसके द्वारा पहनी गई जींस की पैंट के नीचे पेट पर विशेष रूप से छिपाकर रखा गया विदेशी सोना बरामद हुआ। आरोपी ने सोने को इस तरह छिपाया था कि सामान्य जांच में वह आसानी से दिखाई न दे।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार बरामद सोना लगभग 70 लाख रुपये का है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोने की तस्करी के उद्देश्य से इसे भारत लाया था। बरामदगी के बाद सोने को जब्त कर लिया गया और आरोपी को सीमा शुल्क अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल डीआरआई की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा सोना किसे पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।
