मुख्यपृष्ठनए समाचारशाहदरा जिले में डीसीपी कार्यालय का पुलिस आयुक्त ने किया उद्घाटन

शाहदरा जिले में डीसीपी कार्यालय का पुलिस आयुक्त ने किया उद्घाटन

-संपर्क सभा में पुलिसकर्मियों से किया सीधा संवाद, जनता की समस्याओं के समाधान के लिए नए कार्यालय में मिलने की सुविधा

योगेश कुमार सोनी / पूर्वी दिल्ली

दिल्ली पुलिस आयुक्त ने 11 नवंबर को शाहदरा जिले का दौरा कर शाहदरा थाने की पहली मंजिल पर नवनिर्मित डीसीपी कार्यालय का उद्घाटन किया। यह कार्यालय जीटी रोड पर श्यामलाल कॉलेज के नजदीक स्थित है। नए कार्यालय की स्थापना को जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।इस अवसर पर स्पेशल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर), जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव और ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर, ईस्टर्न रेंज मिलिंद डुंबरे सहित दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।नवनिर्मित डीसीपी कार्यालय का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य आम जनता को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक आसानी से पहुंच उपलब्ध कराना है। अब शाहदरा जिले के निवासी अपनी किसी भी शिकायत, समस्या अथवा सुझाव को लेकर नए कार्यालय में डीसीपी से मुलाकात कर सकेंगे। पुलिस प्रशासन की इस पहल से शिकायतों के प्रभावी निस्तारण और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर संवाद को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।कार्यालय के उद्घाटन के बाद पुलिस आयुक्त ने पौधारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।इसके बाद शाहदरा जिला पुलिस की ओर से संपर्क सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं, सुझावों और विचारों को गंभीरता से सुना तथा उनके सवालों और चिंताओं पर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और व्यावसायिक दक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अनुशासन, टीमवर्क, जवाबदेही और जनसेवा के उच्च मानकों को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों और अधीनस्थ कर्मचारियों के बीच संवाद तथा आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। संपर्क सभा पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उनकी समस्याओं को नेतृत्व तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुई।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ। इस दौरे के माध्यम से दिल्ली पुलिस ने प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने, पुलिसकर्मियों के कल्याण और जनता को बेहतर एवं जवाबदेह पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
डीसीपी कार्यालय का पता: प्रथम तल, थाना शाहदरा, जीटी रोड, श्यामलाल कॉलेज के नजदीक, शाहदरा, दिल्ली। शाहदरा जिले के नागरिक अपनी शिकायतों और समस्याओं के संबंध में यहां डीसीपी से मुलाकात कर सकते हैं।

अन्य समाचार