मुख्यपृष्ठनए समाचारबिहार में एसआईआर का विरोध... वोट चोरी बंद करो

बिहार में एसआईआर का विरोध… वोट चोरी बंद करो

-विपक्ष ने मोदी सरकार को घेरा

-राहुल गांधी का ईसी पर हमला

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कल एक बार फिर चुनाव आयोग पर हमला बोला। उन्होंने चुनाव आयोग पर वोटों की चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग बीजेपी के लिए इस तरह का काम कर रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि हमारे पास इसके पुख्ता सबूत हैं। हम चुनाव आयोग में इस तरह का काम कर रहे लोगों को नहीं छोड़ेंगे, चाहे वो रिटायर हो जाएं, उन्हें खोजकर लाएंगे और नहीं छोड़ेंगे।
उधर, राज्यसभा और लोकसभा में बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर विपक्षी सांसदों ने दोनों सदनों में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश से विपक्षी सांसदों ने एसआईआर प्रक्रिया पर चर्चा की मांग की, जिसे उपसभापति ने सदन में खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। राज्यसभा में विपक्षी सांसद वोट चोरी बंद करो के नारे लगा रहे थे। वहीं लोकसभा में हंगामे को लेकर अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद स्थगित कर दी। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने एसआईआर के मामले पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया था। वहीं डीएमके सांसद तिरुचि शिवा ने चर्चा के लिए नियम २६७ के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया है। इससे पहले इंडिया गठबंधन के सांसदों ने संसद में मकर द्वार के सामने विरोध प्रदर्शन किया और मतदाता सूची के एसआईआर पर दोनों सदनों में चर्चा की मांग की।
हमें एटम बम जैसे मिले हैं सबूत
लोकसभा में नेता विपक्ष ने कहा कि हमें एमपी में शक था, लोकसभा में शक था, महाराष्ट्र में वो थोड़ा आगे गया, स्टेट लेवल में हमें लगा कि यहां पर चोरी हुई है। वोटर इश्यू हुआ था, एक करोड़ वोटर जोड़े गए थे। फिर हम थोड़ा डिटेल में गए, इलेक्शन कमीशन तो अब मदद नहीं कर रहा है, हमें थोड़ा गहराई में जाना है। हमने अपनी ही जांच करवाई, उसमें जो हमें मिला है, वो एटम हम है, मतलब एटम बम है, वो फटेगा तो हिंदुस्थान में इलेक्शन कमीशन आपको नहीं दिखेगा। इंडिया गठबंधन के दलों ने अपनी बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि वे संसद के अंदर और बाहर चल रहे एसआईआर के खिलाफ अपने विरोध को तेज करेंगे।

अन्य समाचार