मुख्यपृष्ठनए समाचारनिवासियों को शुद्ध पानी दें!-आदित्य ठाकरे की म्हाडा से मांग

निवासियों को शुद्ध पानी दें!-आदित्य ठाकरे की म्हाडा से मांग

सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नेता, युवासेना प्रमुख एवं विधायक आदित्य ठाकरे ने कल म्हाडा से नवनिर्मित इमारतों में रहने वाले निवासियों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने की मांग की। इन इमारतों में पानी के साथ-साथ कचरा, सुरक्षा, पार्किंग, गैस पाइपलाइन से जुड़ी दिक्कतें आ रही हैं। इन्हें देखते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि एक नोडल अधिकारी नियुक्त करके निवासियों की इन समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाना चाहिए।
वरली बीडीडी पुनर्विकास परियोजना की इमारत क्र. १ के ‘डी’ और ‘ई’ विंग के ५५६ निवासियों को अगस्त में उनके घरों का कब्जा दिया गया है। इन निवासियों के सामने आ रही समस्याओं के संबंध में आदित्य ठाकरे ने कल म्हाडा मुंबई बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिलिंद बोरीकर से मुलाकात की। आदित्य ठाकरे ने मांग की कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी निवासियों को २४ घंटे पर्याप्त पानी की आपूर्ति हो सके। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि इन नई इमारतों में लगाई गई एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की क्षमता कम है और इसकी ऑपरेटिंग सिस्टम एवं दैनिक रखरखाव प्रक्रिया के संबंध में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विस्थापितों का किराया बढ़ाएं
बीडीडी चाल पुनर्विकास परियोजना के तहत विस्थापित किए गए निवासियों को म्हाडा द्वारा प्रतिमाह २५ हजार रुपए किराया दिया जा रहा है। यह किराया अपर्याप्त साबित हो रहा है। इसलिए किराया राशि को कम से कम ४० हजार रुपए प्रतिमाह तक बढ़ाया जाना चाहिए।
गैस पाइपलाइन कनेक्शन तुरंत लगाएं
आदित्य ठाकरे ने बैठक में यह मांग की कि लॉबी, लिफ्ट परिसर, मंजिलों पर स्थित टैरेस, सीढ़ी आदि मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी वैâमरे लगाए गए हैं या नहीं, इसकी जांच करके उचित कार्रवाई की जाए। अग्नि सुरक्षा उपायों के दृष्टिकोण से इन स्थानों पर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं या नहीं, इसकी भी जांच करनी चाहिए। नए फ्लैटों में इनविजिबल स्टील सेफ्टी ग्रिल लगाई जानी चाहिए। पुनर्वास इमारतों के लिए स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, बगीचे की देखभाल, सुरक्षा गार्ड, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिकल तकनीशियन, बढ़ई आदि आवश्यक मानवशक्ति नियुक्त हुई है या नहीं, इस पर नजर रखी जानी चाहिए। यहां प्रत्येक फ्लैट के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए और गैस पाइपलाइन कनेक्शन तुरंत लगाए जाएं।

अन्य समाचार

कजरी