मुख्यपृष्ठनए समाचारफर्जी वोटों का खेल बंद करो!

फर्जी वोटों का खेल बंद करो!

-आधार से जुड़े मतदान, मेटल कार्ड और बायोमेट्रिक पहचान की अखिलेश यादव की मांग

सामना संवाददाता / लखनऊ

उत्तर प्रदेश में २०२७ के विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट और फर्जी मतदान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर चुनाव सुधार को लेकर तीन सीधी-सरल मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि फर्जी वोटों का खेल अब बंद होना चाहिए।
अखिलेश ने लिखा, ‘चुनाव को लेकर सीधी-सरल मांग: आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए। कागज या प्लास्टिक की जगह ‘मेटल कार्ड’ बनाए जाएं, जिससे नकली न बन सकें। उंगलियों के निशान या आंख से होने वाली बायोमेट्रिक पहचान को अपनाया जाए, क्योंकि ये किसी दो व्यक्ति के समान नहीं होते हैं, इसीलिए भाजपा नकली वोटिंग नहीं करा पाएगी।’ सपा प्रमुख का कहना है कि आधार से वोटिंग जुड़ने पर एक व्यक्ति एक ही जगह से वोट डाल सकेगा। डुप्लीकेट, फर्जी और मृत मतदाताओं के नाम अपने आप हट जाएंगे। मेटल कार्ड नकली बनाना मुश्किल होगा, इससे फर्जी पहचान पत्रों का धंधा रुकेगा। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन होने से कोई दूसरा व्यक्ति किसी और के नाम पर वोट नहीं डाल पाएगा। इससे वोट चोरी, बूथ वैâप्चरिंग और फर्जी मतदान पर पूरी तरह रोक लगेगी। अखिलेश ने यह मांग ऐसे समय रखी है, जब विपक्ष लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सवाल उठा रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने भी किया समर्थन
आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी उनके बयान का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। वहीं, भाजपा ने अखिलेश के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि सपा हार के डर से पहले ही बहाना बना रही है।

अन्य समाचार