-पीएम का पुतला फूंकने पर उतारू प्रदर्शनकारियों की पुलिस से नोकझोंक
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
दिल्ली में छात्र युवाओं पर लाठीचार्ज के विरोध में राहुल गांधी के साथ धरने पर बैठे सपा मुखिया अखिलेश यादव की गिरफ्तारी से नाराज सुल्तानपुर के सपाई मंगलवार की देर शाम सड़क पर उतर आए। पीएम मोदी का पुतला फूंकने पर उतारू समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ को किसी तरह पुलिस ने संभाला।
अवध के सुल्तानपुर जिले में कलेक्ट्रेट के सामने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ सपा ने विरोध प्रदर्शन किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष पृथ्वी पाल यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जबरन हिरासत में लिया। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से ९० से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और नियुक्तियों में धांधली हो रही है। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। इस दौरान तेजिंदर सिंह बग्गा समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
