भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट मैच की दूसरी पारी में अपने परिवार के सामने शानदार शतक ठोक दिया। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट मैच में १०१ रनों की पारी खेली थी। उन्होंने १२७ गेंदों में ११ चौकों और २ छक्कों की मदद से अपना शतक बनाया। इंग्लैंड के खिलाफ ये उनका चौथा शतक है, जबकि टेस्ट करियर में उन्होंने अपना छठा शतक पूरा किया। उनकी इस शानदार पारी की मदद से टीम इंडिया आखिरी टेस्ट मैच में मजबूत स्थिति में पहुंच गई। टीम इंडिया के ओपनर यशस्वी ने ओवल क्रिकेट ग्राउंड में अपने टेस्ट करियर का छठा शतक जड़ा। इसमें से चार शतक उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ही लगाए हैं। इसके अलावा उन्होंने एक शतक ऑस्ट्रेलिया और एक शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ ठोके हैं। ओवल टेस्ट मैच की पहली पारी में केवल दो रन पर आउट होने के बाद यशस्वी ने दूसरी पारी जबरदस्त तरीके से वापसी की और शानदार शतकीय पारी खेली। इस दौरान उनका परिवार स्टेडियम में मौजूद था। इससे पहले उन्होंने लीड्स टेस्ट मैच की पहली पारी में १०१ रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने एजबेस्टन और मैनचेस्टर में अर्धशतकीय पारी खेली थी। यशस्वी ने एजबेस्टन टेस्ट मैच की पहली पारी में ८७ रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने मैनचेस्टर टेस्ट मैच की पहली इनिंग में ५८ रनों की पारी खेली। यशस्वी ने ओवल में एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वो ओवल में शतक ठोकने वाले तीसरे भारतीय ओपनर बन गए हैं।
फिर दिखी गोरों की गुंडागर्दी!
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में खिलाड़ियों के बीच गहमा-गहमी देखने को मिल रही है। शायद ही कोई ऐसा दिन हो जब खिलाड़ी एक-दूसरे को ताना कसने, स्लेज करने से बाज आ रहे हों। द ओवल मैदान पर खेले जा रहे सीरीज के आखिरी मैच का कल तीसरा दिन था। पहले सेशन तक लग रहा था कि सब शांत है तभी सेशन खत्म होने के बाद ड्रेसिंग रूम जाते हुए यशस्वी जायसवाल को इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने घेर लिया। इंग्लैंड की कोशिश थी कि वह जायसवाल का ध्यान भटकाएं और इसलिए वह पैंतरेबाजी करने लगे।
