-कर चुकी है ५० लाख रुपए की ठगी
सुनील ओसवाल / मुंबई
नागपुर में एक हाई प्रोफाइल ठग महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो पिछले कई वर्षों से विवाहित पुरुषों को निशाना बना रही थी। खुद को तलाकशुदा बताकर वह सोशल मीडिया के जरिए विवाहित पुरुषों को अपने प्रेमजाल में फंसाती थी, उनसे निकाह करती और फिर महज एक महीने के भीतर झगड़ा कर ब्लैकमेलिंग शुरू कर देती थी। आरोप है कि अब तक इस शिक्षिका ने ८ निकाह किए हैं और अपने सभी शौहरों से ५० लाख रुपए ठग चुकी है।
गिट्टीखदान पुलिस ने इस ‘लुटेरी दुल्हन’ समीरा फातिमा को गिरफ्तार कर लिया है। वह एक शिक्षिका है और बेहद शातिराना तरीके से अब तक ८ निकाह कर चुकी है। हर निकाह के बाद वह अपने शौहर को झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी देती और कोर्ट केस व बदनामी से बचाने के नाम पर उनसे लाखों रुपए की वसूली करती थी।
पीड़ित गुलाम पठान की शिकायत पर सामने आया कि समीरा ने २०१० से लेकर अब तक आठ शादियां की हैं और करीब ५० लाख रुपए की ठगी की है। हर बार वह खुद को तलाकशुदा बताकर सहानुभूति हासिल करती थी और ‘दूसरी बीवी’ बनकर साथ देने की भावनात्मक अपील करती थी।
डेढ़ साल से थी महिला फरार
डेढ़ साल से फरार चल रही समीरा को सिविल लाइंस क्षेत्र की एक टपरी से पकड़ा गया, जहां वह चाय पीने आई थी। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी।
झूठे आरोप और कोर्ट से सेटलमेंट
समीरा हर निकाह के बाद फर्जी दस्तावेज दिखाकर पति को ब्लैकमेल करती थी। झूठे रेप या उत्पीड़न के केस की धमकी देकर अपने पतियों से ‘सेटलमेंट’ के नाम पर मोटी रकम वसूल करती थी।
