सामना संवाददाता / भिवंडी
भिवंडी निजामपुर सिटी महानगरपालिका अंतर्गत कोर्ट के आदेश के बाद भी में २९१ अनधिकृत इमारतों को कभी पुलिस तो कभी मैनपावर का हवाला देकर नहीं गिराया जा रहा था। लेकिन मनपा आयुक्त ने अवैध निर्माणों के खिलाफ फास्ट ट्रैक पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने मनपा प्रशासन को हर महीने दस अवैध इमारतों को गिराने का टारगेट भी निर्धारित कर दिया है। अवैध इमारतों को गिराने के संदर्भ में गत दिनों मनपा के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में समीक्षा कर कार्ययोजना तैयार की गई है। इस अभियान के लिए प्रत्येक वॉर्ड में अतिरिक्त मैनपावर की तैनाती की जाएगी। बता दें कि पिछले दिनों भिवंडी शहर में जिलानी बिल्डिंग हादसे में ३९ निवासियों की मौत हो गई थी। उसके बाद शहर में अनधिकृत और खतरनाक इमारतों का मुद्दा सामने आया था।
कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर भिवंडी में स्थित २९१ अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया था। इसके बाद भी प्रशासन तोड़क कार्रवाई में टाल-मटोल कर रहा था। इस बीच मनपा आयुक्त अनमोल सागर ने इस गंभीर मुद्दे की समीक्षा के लिए मनपा मुख्यालय में अधिकारियों की एक बैठक की। इस समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। इस समीक्षा बैठक में अवैध इमारतों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ कुछ इमारतों को जुर्माना लगाकर नियमित करने का भी निर्णय लिया गया। नियमित करने के लिए सहायक निदेशक, नगर रचना विभाग के यहां इमारत मालिक को प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा।
इस बैठक में मनपा आयुक्त ने हर सप्ताह वॉर्ड स्तर पर अनधिकृत और खतरनाक इमारतों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया है। न्यायालय के आदेशानुसार, उन्होंने कुल २९१ अनधिकृत निर्माणों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तदनुसार, प्रत्येक वार्ड में हर माह कम से कम दो अनधिकृत निर्माणों को गिराने का लक्ष्य दिया गया है।
