– बिना रसीद मनपा की आड़ में चालकों से खुलेआम `५०० की वसूली
– विरोध करने पर गाड़ी तोड़ने की धमकी
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के ऐतिहासिक फोर्ट इलाके में फर्जी पार्किंग माफिया का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। दक्षिण मुंबई के इस प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में अवैध रूप से जगह घेरकर लोगों से पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। मनपा और यातायात पुलिस के ढुलमुल रवैये का फायदा उठाकर यह माफिया वाहन चालकों को डरा-धमकाकर मनमाने पैसे वसूल रहा है। फोर्ट इलाके में फर्जी पार्किंग माफिया और उगाही करने वाले गुंडों का लगातार राज चल रहा है। मनपा प्रशासन और पुलिस की नाक के नीचे अनधिकृत लोग पार्किंग अटेंडेंट बनकर आम वाहन चालकों को चूना लगा रहे हैं और मना करने पर सीधे गुंडागर्दी पर उतर आते हैं।
हाल ही में सामने आए एक मामले ने मनपा के पे-एंड-पार्र्किंग व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। हाल ही में फोर्ट स्थित एमसीजीएम पे एंड पार्क में गाड़ी पार्क करने वाले एक मुंबईकर से फर्जी अटेंडेंटों ने अचानक रु.५०० की मांग कर दी। जब नागरिक ने रसीद मांगी और मौके पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन किया, तो फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ वह क्यूआर कोड किसी मनपा कार्यालय का नहीं, बल्कि एक निजी जेबकतरे का था।
जब सतर्क नागरिक ने इस अवैध वसूली का विरोध किया, तो इन वसूलीबाजों की गुंडागर्दी चरम पर पहुंच गई। इन्होंने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि पैसे न देने पर गाड़ी को नुकसान पहुंचाने की सीधी धमकी दे डाली। अपनी जान और वाहन की सुरक्षा को खतरा देखकर पीड़ित को एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाना पड़ा, जहां एफआईआर दर्ज की गई है।
पार्किंग नहीं, खुलेआम उगाही का अड्डा!
फोर्ट में फर्जी पार्किंग माफिया बेखौफ होकर वाहन चालकों से अवैध वसूली कर रहा है। रसीद मांगने पर गाली-गलौज और गाड़ी तोड़ने की धमकी दी जा रही है। मनपा और पुलिस की नाक के नीचे चल रहे इस खेल ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
