रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
काशी मीरा मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित लक्ष्मी आर्केड परिसर में स्थापित संकटमोचन हनुमान मंदिर में सोमवार को 139वां भंडारा श्रद्धा व आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। भोर से ही भक्तों का मंदिर परिसर में तांता लगा रहा और दिनभर दर्शन एवं प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा।
मंदिर के ट्रस्टी डॉ. राधेश्याम गुप्ता ने बताया कि यह मंदिर एक जागृत स्थल माना जाता है, जहां हनुमान भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की भावना से बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को भजन-कीर्तन, हनुमान चालीसा व सुंदरकांड पाठ का नियमित आयोजन किया जाता है। आयोजकों के अनुसार वर्षों से चली आ रही भक्ति परंपरा के चलते यहां लगातार दर्शनार्थियों की भीड़ बनी रहती है।
भक्तों का विश्वास है कि संकटमोचन हनुमान मंदिर में सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फलित होती है। इसी आस्था के कारण भंडारे के दौरान भक्तों ने सेवा, भक्ति और प्रसाद वितरण में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में ओझा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश भाई ओझा, महंत महेश योगी, पत्रकार रवीन्द्र मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजन समिति ने भंडारे की सफलता का श्रेय स्थानीय भक्तों के सहयोग और मंदिर प्रशासन की व्यवस्था को दिया।
समापन पर आयोजकों ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार भक्ति-भाव के साथ सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।
