देश में रोजाना ऑनलाइन ठगी के मामले सामने आते हैं। ठग ऑनलाइन लोगों से लाखों-करोड़ों की ठगी करते हैं। ठगी का एक ऐसा ही मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सामने आया है। रायपुर में एक बीमा सलाहकर को ठगों ने निशाना बना लिया और उसने ४.८० लाख रुपयों की ठगी कर ली। बीमा सलाहकार ने अपने साथ हुई ऑनलाइन ठगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। बीमा सलाहकार का नाम देवेंद्र सिंह रिसम है। उनकी उम्र ५७ साल है। देवेंद्र सिंह रिसम राजेंद्र नगर के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, देवेंद्र को व्हॉट्सएप पर शादी का निमंत्रण आया था। उन्होंने उस ई-कार्ड को खोलने की कोशिश की। इसके बाद देवेंद्र का मोबाइल फोन हैक हो गया। अचानक से मोबाइल फोन ब्लिंक करने लगा। फिर खाते से पैसे निकलने के मैसेज आने लगे। देवेंद्र मैसेजेस देखकर हड़बड़ा गए। फिर वो तुरंत बैंक गए और अपना अकाउंट ब्लॉक कराया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, देवेंद्र को १९ अगस्त को व्हॉट्सऐप पर एक ई-कार्ड आया। नीचे विवाह का न्योता था।
अलग-अलग किस्त में निकले पैसे
देवेंद्र ने सोचा कि वो किसी की शादी का निमंत्रण कार्ड है। उन्होंने उसे खोलने की कोशिश की। जैसे ही उन्होंने कार्ड को टच किया, वैसे ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और मोबाइल फोन ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद ब्लिंक होने लगा। फिर अलग-अलग किस्त में उनके अकाउंट से पैसे निकलने शुरू हो गए। देवेंद्र ने मोबाइल फोन बंद करके फिर से चालू किया। इसके बाद देवेंद्र बैंक गए और तमाम ट्रांजेक्शन की जानकारी निकाली। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
