मुख्यपृष्ठसमाचारगोवंडी में ‘हफ्ता वसूली’ का खेल!

गोवंडी में ‘हफ्ता वसूली’ का खेल!

-होटल मालिक से १० लाख की मांगी रंगदारी
-५ लाख लेते २ आरोपी गिरफ्तार

सगीर अंसारी / मुंबई
गोवंडी में होटल कारोबारियों को धमकाकर कथित तौर पर रंगदारी वसूलने के खेल का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गोवंडी पुलिस ने होटल संचालक से १० लाख रुपए की रंगदारी मांगने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक के राजनीतिक दल से जुड़े नेता होने और दूसरे के खुद को पत्रकार बताने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ५ लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वामन तुकाराम पाटील मार्ग स्थित बद्री होटल के संचालक से १४ से १९ अगस्त के बीच रकम की मांग की गई। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने होटल को अवैध बताकर महानगरपालिका में शिकायत करने, होटल तुड़वाने और कारोबार बंद करवाने की धमकी दी।
लगातार धमकियों से परेशान होकर होटल संचालक ने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलते ही गोवंडी पुलिस ने आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। १९ अगस्त की शाम करीब ७.२० बजे एक आरोपी ५ लाख रुपए लेने पहुंचा। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर उसे रकम स्वीकार करते हुए दबोच लिया। पूछताछ के बाद दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से ५ लाख रुपए नकद बरामद किए, जिसमें ५०० रुपए के ७०० और १०० रुपए के १,५०० नोट शामिल हैं। दोनों के खिलाफ बीएनस की धारा ३०८(२), ३५१(२) और ३(५) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रंगदारी के इस खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा धमकी देने के पीछे असली मकसद क्या था।

अन्य समाचार