राजेश सरकार / प्रयागराज
देश के पूर्व प्रधानमंत्री और ‘भारत रत्न’ से सम्मानित स्व. राजीव गांधी की जयंती गुरुवार को स्वदेशी कॉटन मिल तिराहा स्थित पार्टी कार्यालय में बेहद आदर और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विशेष गोष्ठी में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने राजीव गांधी के विराट व्यक्तित्व और देश के प्रति उनके ऐतिहासिक कृतित्व को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत का सच्चा शिल्पकार बताया।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष नयन कुमार कुशवाहा ने कहा कि राजीव गांधी केवल एक नेता नहीं, बल्कि दूरदर्शी युगपुरुष थे। वे भारत में आधुनिक कंप्यूटर युग के जनक थे, जिन्होंने अपनी प्रगतिशील सोच से देश को तकनीकी विकास की नई और मजबूत दिशा दी। आज देश जिस डिजिटल ऊंचाइयों को छू रहा है, उसकी नींव राजीव गांधी ने ही रखी थी।
महानगर कांग्रेस कमेटी के महासचिव राकेश श्रीवास्तव के कुशल संचालन में आगे बढ़ी गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि स्व. राजीव गांधी गरीबों, दलितों, वंचितों और महिलाओं के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने सत्ता के विकेंद्रीकरण और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए जमीनी स्तर पर कार्य किया। उनका जीवन देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए समर्पित था।
इस गरिमामयी स्मृति सभा में मुख्य रूप से विनोद जैकब, राजकुमार कुशवाहा, मुन्ना जाफरी, इंजीनियर विजय कुमार कुशवाहा और सुधीर कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने और उनके सपनों के भारत को साकार करने का दृढ़ संकल्प लिया।
